जोधपुर वेब डेस्क / राजस्थान में एक दलित नाबालिग प्रेमी को अपने ही मोहल्ले में रहने वाली संपन्न परिवार की सवर्ण लड़की से प्रेम करना भारी पड़ गया | दबंगों ने दलित नाबालिग लड़के को एक कैफे में बुलाया, फिर धमकाना शुरू किया | कुछ युवकों ने वहां पर इस लड़के के साथ मारपीट भी की | घटना यही नहीं रुकी | पीड़ित लड़के को उसकी प्रेमिका के घर जबरन ले जाकर उसके सामने इस लड़के का मुंडन भी कर दिया गया | घटना जोधपुर के देव नगर थाना बलदेव नगर इलाके की है |

दरअसल लड़की के मोबाइल फोन से लड़के को फोन कर कैफे में मिलने के लिए बुलाया गया था | जैसे ही नाबालिग लड़का कैफे में पहुंचा तो पहले से वहां मौजूद कुछ युवकों ने लड़के के साथ मारपीट की | इसके बाद चाकू की नोक पर उसे अपने कब्जे में ले लिया | पीड़ित लड़के का आरोप है कि दबंगों ने करीब दो घंटे तक उसके साथ लाठी डंडों से मारपीट की | यही नहीं बर्बरता करने बाद उसके परिजनों को बुलाकर सुधरने की नसीहत देकर छोड़ दिया गया | पीड़ित लड़के के शरीर में लाठी डंडे के निशान भी पाए गए है |

जानकारी के मुताबिक बलदेव नगर में इस नाबालिग लड़के का मोहल्ले की ही लड़की से करीब साल भर से प्रेम प्रसंग चल रहा था | पीड़ित लड़के के मुताबिक चाकू की नोक पर जबरन उसे बाइक पर लड़की के घर ले जाया गया | यहां पर युवकों ने न केवल उसके साथ बल्कि उसकी प्रेमिका के साथ भी घर मे बंधक बनाकर मारपीट की गई | इस बीच पड़ोसी रमेश नामक युवक पास के सैलून की दुकान से मशीन लेकर आया और लड़के के बाल काट दिए | लड़के का मुंडन करने के बाद उसके परिजनों को बुलाकर उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया |

पीड़ित के चाचा ने देव नगर थाना पुलिस को घटना की सूचना दी है | हालांकि दबंगो के डर के मारे पीड़ित पुलिस के सामने मुंह खोलने को तैयार नहीं है | पीड़ित के पिता का कहना है कि वह गरीब है और रोज कमाकर रोज खाने वाले हैं. जबकि लड़की के पिता ऊंची पहुंच वाले उद्योगपति है | इस मामले में पुलिस को पीड़ितों की लिखित शिकायत का इंतजार है |