दिल्ली / मुंबई – देश के तमाम राज्यों में कोरोना का संक्रमण फैला। केंद्र और राज्य सरकारों ने सामंजस्य स्थापित कर इसे नियंत्रित करने के लिए ठोस कदम उठाये। लेकिन इन मामलों में महाराष्ट्र फिसड्डी साबित हुआ है। कोरोना वायरस के संक्रमण से सबसे ज्यादा प्रभावित महाराष्ट्र राज्य में पिछले 24 घंटे के दौरान 57 नई मौतें हुई है।

इसके साथ ही इस राज्य में मृतकों की कुल संख्या 50,027 हो गई है। रिकॉर्ड तोड़ आंकड़ों के साथ महाराष्ट्र कोरोना के कारण 50 हजार से ज्यादा मौत वाला दुनिया का पहला राज्य बन गया है। हालाँकि इस राज्य में संक्रमण और उससे होने वाली मौतों पर गिरावट कब दर्ज होगी, इस पर अनुमान लगाना अभी बेहद कठिन दिखाई दे रहा है। फ़िलहाल राज्य में कोरोना से रोजाना होने वाली मौतों का आंकड़ा दर्जनों में है।

महाराष्ट्र में बीते 24 घंटे में 3581 नए मरीज मिले है। राज्य सरकार की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, शनिवार को राज्य में 3,581 लोग कोरोना संक्रमित मिले, जबकि 2,401 लोग ठीक हुए। अब तक यहां 19 लाख 65 हजार 556 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 18 लाख 61 हजार 400 लोग ठीक हो चुके हैं और 52 हजार 960 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।

देश में अब तक एक करोड़ चार लाख 49 हजार 964 लोग संक्रमित हो चुके हैं। राहत की बात है कि इनमें एक करोड़ 73 हजार 593 लोग ठीक भी हो चुके हैं।एक लाख 51 हजार 22 मरीजों की मौत हो चुकी है। इस समय दो लाख 21 हजार 37 मरीजों का इलाज चल रहा है, जो कुल पॉजिटिव मामलों का सिर्फ 2.15 फीसदी है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बताया गया है कि ठीक हुए और सक्रिय मामलों के बीच अंतर लगातार बढ़ रहा है। इन आंकड़ों पर गौर करे तो महाराष्ट्र की हालत सबसे ख़राब है। महाराष्ट्र के बाद अमेरिका के न्यूयॉर्क राज्य में 39,298 मौत दर्ज की गई हैं। इतना ही नहीं महाराष्ट्र मृतकों की संख्या में अब स्पेन जैसे देश के करीब पहुंच गया है, जहां 51,874 लोग महामारी का शिकार हुए हैं।