दिल्ली / भारत में कोरोना संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ रही है | लेकिन उससे 20 फीसदी ज्यादा तेजी से कोरोना मरीज ठीक भी हो रहे हैं | देश में कोरोना के एक्टिव केस घटकर अब सात लाख से कम हो गए हैं | अबतक 10 करोड़ लोगों का कोरोना सैंपल टेस्ट किया जा चुका है | कोरोना वायरस का कुल पॉजिटिविटी रेट 7.81% है और दैनिक पॉजिटिविटी रेट 3.8% है | कई राज्यों/ केंद्र शासित प्रदेशों का पॉजिटिविटी रेट राष्ट्रीय औसत से ज्यादा है |
स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में 54,366 नए कोरोना मामले दर्ज किए गए और 690 कोरोना संक्रमितों ने अपनी जान गंवाई है | बीते दिन 73,979 मरीज ठीक भी हुए हैं | वहीं देश में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 77 लाख 61 हजार तक पहुंच गई है | इनमें से एक लाख 17 हजार 306 मरीजों की मौत हो चुकी है | वहीं रिकवरी मामलों की संख्या 69 लाख 49 हजार तक पहुंच गई है और एक्टिव केस की संख्या घटकर 6 लाख 95 हजार पर आ गई है |