
रायपुर : छत्तीसगढ़ के जाने-माने पत्रकार नीलेश शर्मा एक बड़े सड़क हादसे का शिकार हुए है|घटना,सोमवार सुबह लगभग 11 बजे रिंग रोड में हुई,प्रत्यक्षदर्शियों की तस्दीक और मौक-ए-वारदात का जायज़ा लेने के बाद पुलिस ने विभिन्न एंगल से अपनी जांच शुरू कर दी है| घटना स्थल से पीड़ित पत्रकार की स्कूटी कब्ज़े में लेने के बाद पुलिस ने उस ट्रक को भी ज़ब्त कर लिया है,जो हादसे की शक्ल देने की नीयत से सड़क पर काल बनकर तेज़ रफ़्तार में था| ड्राइवर से पुलिस की पूछताछ जारी है,उसका एल्कोहल परीक्षण भी कराया जा रहा है|

जबकि,ट्रक के मालिक को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया है,मामले की जारी विवेचना के बीच इस तथ्य से इंकार नहीं किया जा रहा है,कि वरिष्ठ पत्रकार शर्मा को ट्रक से रौंदने की साज़िश के तहत हादसे को अंजाम दिया गया था|पुलिस ने हर एक एंगल से मामले की जाँच शुरू कर दी है| हादसे से जुड़े तस्वीरों में देखा जा सकता है,कि वरिष्ठ पत्रकार की स्कूटी ट्रक के नीचे फंसी थी,वही शर्मा दूसरी ओर उछल कर जा गिरे थे| जबकि शर्मा को लहूलुहान हालत में ट्रक के पहियों के बीच से निकाला गया था| मौके पर मौजूद समाजसेवी दीपक भारद्वाज ने उन्हें फ़ौरी इलाज के लिए करीब के अस्पातल में दाख़िल कराया |

यह भी बताया जाता है,कि ड्राइवर ने एक कार को पहले बुरी तरह से टक्कर मारी और फिर पत्रकार शर्मा को ट्रक ने अपना निशाना बनाया | कार सवार महिला भी चोटिल बताई जाती है| जबकि,ट्रक की चपेट में आई पत्रकार शर्मा की स्कूटी पूरी तरह से चकनाचूर हो गई | उसके परख़च्चे उड़ गए|पुलिस ने घटना स्थल के आस-पास के CCTV फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है|

नीलेश शर्मा की लेखनी उनकी चटपटी और छत्तीसगढ़ी मुहावरों से लबरेज रहती है| उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री बघेल और उसकी निलंबित उप सचिव सौम्या चौरसिया के काले कारोबार से जुड़ी कई खबरें प्रकाशित की थी|पूर्व मुख्यमंत्री बघेल ने अपने कार्यकाल में कई फर्जी प्रकरण दर्ज कर पत्रकार नीलेश शर्मा को प्रताड़ित करने में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी थी|

पूर्व मुख्यमंत्री के पुत्र चैतन्य बघेल और सौम्या चौरसिया के सबूतों के साथ छेड़छाड़ से संबंधित खबरे प्रकाशित करने को लेकर आरोपी उस पर लगातार दबाव बना रहे थे| इन आरोपियों ने नीलेश शर्मा को सबक सिखाने की धमकी भी विभिन्न माध्यमों के जरिए दी थी|

अंदेशा जाहिर किया जा रहा है,कि घर से निकलते के साथ ही कोई अनजान शख्स पत्रकार शर्मा पर निग़ाह रखे हुए था| उन पर ट्रक से हमला करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से उपयुक्त समय की तलाश और हादसे की शक्ल देने संबंधी तथ्य भी प्रत्यक्षदर्शियों ने दोहराए है| उनकी माने तो,इस हादसे को टाला जा सकता था,लेकिन सड़क पर नज़र आया,कि ट्रक ड्राइवर ने जानबूझ कर शर्मा की ओर वाहन का रुख किया था| शर्मा को पीछे की ओर से टक्कर मारी गई, ट्रक ड्राइवर शायद काफी पहले से उन पर नज़र गड़ाए हुए था| मौका मिलते ही उसने स्कूटी सवार को अपनी चपेट में ले लिया|

देश-प्रदेश के ‘प्रतिष्ठित’ पत्रकारों ने इस हादसे को लेकर चिंता जताते हुए उच्च स्तरीय जाँच की मांग की है|जबकि,पीड़ित पत्रकार का राम कृष्ण अस्पताल में इलाज़ जारी है|वरिष्ठ पत्रकार के हाथ-पैर समेत विभिन्न अंगो में मल्टीपल फैक्चर की रिपोर्ट सामने आई है| उनके सिर में रक्तस्राव रोकने के लिए 3 से अधिक टांके लगाए गए है|चेहरे में लगी चोट का भी इलाज किया जा रहा है| डॉक्टरों के मुताबिक,सीटी स्कैन रिपोर्ट के बाद पीड़ित पत्रकार को 24 घंटे के लिए ICU में दाखिल कराया गया है|फ़िलहाल,इस हादसे को लेकर सिटी कोतवाली में FIR दर्ज कर ली गई है| ACP दीपक शर्मा के मुताबिक,पुलिस निष्पक्षता से मामले की जाँच कर रही है|
तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से वरिष्ठ पत्रकार नीलेश शर्मा जख्मी,अस्पताल में इलाज जारी…







