मध्य प्रदेश में सत्ता पाने के लिए छत्तीसगढ़ की तर्ज पर गंगाजल का राजनैतिक इस्तेमाल करेगी कांग्रेस , कमलनाथ ने ‘शुद्धिकरण’अभियान को दी हरी झंडी , BJP बोली- पहले मन का शुद्ध होना जरूरी ,  हाथों में गंगा जल लेकर अब जनता को बेवकूफ नहीं बना पाएंगे कांग्रेसी     

0
17

भोपाल / मध्यप्रदेश में छत्तीसगढ़ की तर्ज पर गंगा जल के राजनैतिक इस्तेमाल की खबरे आ रही है | छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के पूर्व पार्टी मुख्यालय में नेताओं ने हाथों में गंगा जल लेकर कसमे खाई थी | हालांकि सत्ता में आने के बाद जनता सरकार से पूछ रही है कि “क्या हुआ तेरा वादा वो कसम वो इरादा” | यही हाल अब मध्यप्रदेश का है | यहां 27 सीटों पर कुछ समय बाद होने वाले विधानसभा उपचुनाव को लेकर कांग्रेस ने शुद्धिकरण अभियान शुरू किया है | इस अभियान में जिन क्षेत्रों में उपचुनाव है, वहां घर-घर जाकर कांग्रेसी गंगाजल बाटेंगे | पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष कमलनाथ को इस अभियान से काफी उम्मीदे है | हालांकि  BJP ने इस अभियान पर तंज कसते हुए कांग्रेस को पहले अपने मन के शुद्धिकरण की सलाह दी है | उसने कहा है कि छत्तीसगढ़ में हाथों में गंगा जल लेकर कांग्रेसियों ने जैसा जनता को बेवकूफ बनाया , वैसा ही खेल यहां कांग्रेस खेलना चाहती है | लेकिन अब यहाँ हाथों में गंगा जल लेकर जनता को बेवकूफ नहीं बना पाएंगे कांग्रेसी |   

उधर बीजेपी के तंज को दरकिनार कर कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने इस अभियान की शुरुआत कर दी है | राज्य में 27 विधानसभा उपचुनाव वाले क्षेत्रों में 25 वे क्षेत्र हैं, जहां से साल 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस विधायक निर्वाचित हुए थे | ऐसे में इन सीटों को हासिल करना कांग्रेस के लिए एक बड़ी चुनौती है | लिहाजा उसे छत्तीसगढ़ का गंगा जल फार्मूला कारगर नजर आ रहा है | वो स्थानीय लोगों को दल बदलकर BJP में शामिल हो गए अपने नेताओं की हकीकत बता रहे हैं | लेकिन जनता के मूड को देखते हुए कांग्रेस ने गंगा जल के राजनैतिक इस्तेमाल का नया दांव खेला है | भोपाल से इन क्षेत्रों में शुद्धिकरण अभियान शुरू किया गया है  | अभियान की शुरुआत करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने कहा कि उपचुनाव वाले क्षेत्रों में पार्टी आधा लीटर गंगाजल की बोतले मतदाताओं को बांटी जाएगी | 

इस अभियान का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस महिला मोर्चा सेल की कोऑर्डिनेटर अर्चना जायसवाल कर रही हैं | उन्होंने कहा कि उपचुनाव वाले सभी 27 विधानसभा क्षेत्रों में शुद्धिकरण के लिए लोगों को आधा लीटर गंगाजल की बोतल सौंपी जाएगी | गंगाजल डिस्ट्रीब्यूशन कैंपेन का संयोजक हिमांशु यादव को बनाया गया है | इसके साथ ही कांग्रेस वार्ड समग्र सेवा अभियान भी चलाएगी  | पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष चंद्र प्रभाष शेखर का कहना है कि दल बदलने वाले विधायकों ने जनता के साथ धोखा किया है, इसलिए शुद्धिकरण अभियान चलाया जा रहा है | 

उधर कांग्रेस के इस अभियान पर गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने तंज कसते हुए कहा कि “उपचुनाव के लिए विधानसभा क्षेत्रों में गंगाजल से शुद्धिकरण करने वाली कांग्रेस पहले अपने मन का शुद्धिकरण कर ले | कभी श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल, कभी सेना पर और कभी चुनाव आयोग पर सवाल, जनता से झूठ बोलकर सत्ता में आने और फिर सारे वादे भूल जाने के पाप का शुद्धिकरण भी तो जरूरी है |