झारखंड चुनाव के लिए कांग्रेस ने जारी की स्टार प्रचारकों की सूची , मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत छत्तीसगढ़ से चार नेताओं को दी गई है सूची में जगह |  

0
6

न्यूज डेस्क / झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपने स्‍टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। कांग्रेस उम्‍मीदवारों के लिए वोट मांगने वाले इन नेताओं की लिस्‍ट में 40 बड़े चेहरों को जगह दी गई है। कांग्रेस अध्‍यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी के साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह भी स्‍टार प्रचारकों में शुमार हैं। हालांकि, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी का नाम झारखंड में चुनाव प्रचार के लिए आने वाले नेताओं में शामिल नहीं है। कांग्रेस के मुख्यमंत्रियों में सबसे पहला नाम छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का है, जबकि उनके बाद राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का नाम है। वहीं कमलनाथ स्टार प्रचारकों की लिस्ट से गायब है। कमाल की बात ये है कि इस लिस्ट में सबसे ज्यादा छत्तीसगढ़ से ही नेता शामिल हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के अलावे स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव, ताम्रध्वज साहू, शिव डहरिया को भी लिस्ट में जगह दी गयी है।

कांग्रेस की स्‍टार प्रचारकों की लिस्‍ट में अधीर रंजन चौधरी, गुलाम नबी आजाद, भूपेश बघेल, अशोक गहलोत, रणदीप सिंह सुरजेवाला, ज्‍योतिरादित्‍य सिंधिया, मुकुल वासनिक, आरपीएन सिंह, उमंग सिंघार, जितिन प्रसाद और तारिक अनवर के नाम भी शामिल हैं। झारखंड के नेताओं में सुबोधकांत सहाय, रामेश्‍वर उरांव, राजेश ठाकुर, आलोक दुबे, आलमगीर आलम स्‍टार प्रचारकों में शुमार हैं।