
रायपुर / चांपा जांजगीर : कांग्रेस की फायर ब्रांड नेत्री डॉ. नैन अजगल्ले का निधन हो गया है | डॉ. नैन अजगल्ले ने रविवार, 27. 07 . 2025, दिन रविवार को अपने गृह ग्राम मालखरौदा जिला जांजगीर चांपा में अंतिम सांसे ली | वे पिछले 3 सालों से अस्वस्थ चल रही थी | कैंसर की बीमारी से ग्रसित डॉ अजगल्ले लम्बे समय तक संघर्षरत रही इलाज के दौरान उनके स्वास्थ्य में खासा सुधार भी देखा गया था। लेकिन होनी के आगे उनकी एक न चली | स्वर्गीय नैन के साथ बिताए यादगार पल लोगों को भुलाए नहीं भूल रहे है | उनके निधन से इलाके में शोक की लहर है। राजनीति और शिक्षा के क्षेत्र में डॉ नैन अजगल्ले ने अपनी विशिष्ट पहचान अर्जित की थी | उन्होंने महिला शिक्षा के क्षेत्र में विशेष योगदान दिया था।
महिला प्रदेश कांग्रेस कमेटी की महासचिव रही 42 वर्षीय डॉ. नैन अजगल्ले ने स्वयं संघर्ष कर MA, LLB , M PHIL और डॉक्ट्रेट की पढाई कर मिसाल कायम की थी। उन्होंने प्रदेश में सतनामी समुदाय की महिलाओं को शैक्षिक रूप से समृद्ध बनाने की दिशा में विशेष दिलचस्पी दिखाई थी। उनके आकस्मिक निधन से लोगों को गहरा धक्का लगा है, मिलनसार स्वभाव और व्यवहार कुशलता के चलते डॉ नैन अजगल्ले से प्रभावित तबका उनके विशिष्ट सामाजिक कार्यो की प्रशंसा करना नहीं भूलता था। उन्होंने सैकड़ो छात्राओं को स्कूल का रास्ता दिखाया था। उनके परिजनों से प्राप्त जानकारी के अनुसार
दिनांक – 04 . 08 . 2025 दिन सोमवार को उनका दशकर्म एवं श्रद्धांजलि सभा स्थानीय गृह ग्राम में आयोजित किया गया है। कांग्रेस के अलावा सामाजिक क्षेत्र के विशिष्ट लोगों ने डॉ नैन के निधन पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी सांत्वना जाहिर कर आत्मा की शांति की प्रार्थना की है।