
नेशनल डेस्क: मणिपुर के नए सीएम के नाम का ऐलान हो गया है। युमनाम खेमचंद वहां के विधायक दल के नेता चुने गए हैं। मंगलवार (3 फरवरी 2026) को दिल्ली में हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में वरिष्ठ नेता युमनाम खेमचंद सिंह को सर्वसम्मति से अपना नेता चुना गया। खेमचंद सिंह अब एन. बीरेन सिंह की जगह लेंगे, जिन्होंने राज्य में भड़की जातीय हिंसा के बीच पिछले साल फरवरी में अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।
कौन हैं युमनाम खेमचंद सिंह?
खेमचंद सिंह मणिपुर की राजनीति का एक मंझा हुआ चेहरा हैं। वे वर्तमान में सिंगजामेई (Singjamei) निर्वाचन क्षेत्र से विधायक हैं। इससे पहले वे मणिपुर विधानसभा के अध्यक्ष (Speaker) और राज्य कैबिनेट में शिक्षा एवं नगर प्रशासन जैसे महत्वपूर्ण विभागों के मंत्री भी रह चुके हैं। उनकी नियुक्ति को राज्य में शांति बहाली और विभिन्न समुदायों के बीच विश्वास पैदा करने की दिशा में केंद्र सरकार का एक बड़ा कदम माना जा रहा है।




