रायपुर : छत्तीसगढ़ में सियासी बवाल के बीच वरिष्ठ मंत्री TS सिंहदेव ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि वे स्वास्थ्य मंत्री के पद पर बने रहेंगे। बताया जाता है कि प्रदेश कांग्रेस प्रभारी PL पुनिया से चर्चा के बाद सिंहदेव ने यह फैसला लिया है। फिलहाल वे कांग्रेस में बने रहेंगे। दरअसल सिंहदेव के अचानक इस्तीफे से उनके कांग्रेस पार्टी से भी इस्तीफे की अटकलें लगाई जा रही है। साफ सुथरी छवि और सौम्य व्यवहार को लेकर सिंहदेव जाने पहचाने जाते है।

सूत्र बताते है कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार के गठन के दौरान तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के समक्ष छत्तीसगढ़ में ‘ढाई ढाई साल’ के मुख्यमंत्री के कार्यकाल के फार्मूले पर मुहर लगी थी। लेकिन लगभग चार साल हो जाने के बावजूद कांग्रेस आलाकमान ने इस वादे को निभाने में गंभीरता नही दिखाई। कांग्रेस को सत्ता तक पहुँचाने में सिंहदेव की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। लेकिन सूत्र बताते है कि बघेल सरकार में उन्हें कोई खास तबज्जो नही मिल रही थी। उन्हें हाशिये में कर दिया गया था।

जानकारी के मुताबिक पंचायत औऱ ग्रामीण विकास विभाग में वे कर्मचारियो के हितों को लेकर काफी गंभीर थे। लेकिन कुछ महत्वपूर्ण मसलो पर मुख्यमंत्री बघेल के साथ उनकी सहमति नही बन पा रही थी। सूत्रों के मुताबिक उनके कई फैसलों पर मुख्यमंत्री कार्यलय की ओर से ब्रेक लगा दिया गया था। इससे वे नाराज चल रहे थे। उधर यह भी खबर आ रही है कि आने वाले दिनों TS सिंहदेव अपने सभी पदों से इस्तीफा देकर बघेल सरकार से नाता तोड़ सकते है। जानकारी के मुताबिक राहुल गांधी के विदेश दौरे से लौटने के बाद सिंहदेव कोई बड़ा फैसला ले सकते है। फिलहाल उनके इस्तीफे से कांग्रेस में हड़कंप मच गया है।
