दिल्ली वेब डेस्क /भारत चीन सीमा पर नाथुला पोस्ट पर एक बार फिर भारतीय और चीनी सैनिक आमने -सामने आ गए | नाथुला सेक्टर मुगुथांग से आगे स्थित है। सिक्किम स्थित इस अंतरराष्ट्रीय सीमा पर भारत और चीन के सैनिकों के बीच मामूली झड़प की खबर सामने आई है।यह घटना उत्तरी सिक्किम के नाकु ला सेक्टर में हुई।भारतीय सेना के सूत्रों ने इसकी जानकारी दी है। मामले को विदेश मंत्रालय के संज्ञान में भी लाया गया है |

हालाँकि भारतीय सेना और सरकार की ओर से अभी तक आधिकारिक रूप से इस बारे में कुछ नहीं कहा गया है | सूत्रों के मुताबिक दोनों पक्षों के बीच हाथापाई हुई। और दोनों ही देश के सैनिकों को मामूली चोटे आई है | इस क्षेत्र में सड़क परिवहन की कोई सुविधा नहीं है | हेलीकॉप्टर सेवाओं के माध्यम से ही इस इलाके में आवाजाही और सीमा की सुरक्षा की जाती है |

सूत्रों ने बताया कि दोनों देशों की सेनाओं द्वारा नियमित गश्त के दौरान यह झड़प हुई | इसके बाद बॉर्डर पोस्ट के स्थानीय स्तर पर इस मामले को सुलझा लिया गया है। बताया गया है कि दोनों पक्षों की तरफ से आक्रामक रवैया रहा जिस कारण दोनों पक्षों के सैनिक मामूली रूप से घायल हो गए।

सेना के सूत्रों ने बताया कि दोनों देशों की सेनाएं अस्थायी और छोटी अवधि के लिए एक-दूसरे के आमने-सामने आई। सूत्रों ने कहा कि इस मुद्दे को स्थापित प्रोटोकॉल के अनुसार सैनिकों द्वारा पारस्परिक रूप से हल कर लिया गया। यह भी बताया कि इस तरह की झड़प लंबे समय के बाद हुई है।
