रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मुख्यमंत्री निवास में कांग्रेस पार्षद दल की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। इस बैठक में रायपुर नगर निगम के मेयर के नाम का फैसला हो जायेगा | बताया जाता है कि 7 निर्दलीय पार्षदों में से लगभग आधा दर्जन पार्षदों ने एजाज ढे़बर के समर्थन का दावा किया है | मेयर की दौड़ में पूर्व मेयर प्रमोद दुबे और एजाज ढेबर बराबरी पर है | जबकि अजित कुकरेजा अपने पक्ष में भी निर्दलीय पार्षदों के समर्थन का दावा कर रहे है |रायपुर में 6 जनवरी को महापौर और अध्यक्ष का चुनाव होना है।

उधर मुख्यमंत्री निवास पहुंचे निर्दलीय पार्षदों के साथ सुरक्षा कर्मियों से विवाद की खबरे भी आ रही है | बताया जाता है कि मुख्यमंत्री निवास के गेट पर तैनात सुरक्षा कर्मियों के साथ प्रवेश को लेकर कुछ निर्दलीय पार्षदों की तूतू – मैमै हो गई | हालांकि बीच बचाव के बाद मामला शांत हुआ | माना जा रहा है कि राज्य के सभी 10 नगर निगमों में कांग्रेस ने अपना कब्ज़ा ज़माने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगाया है | पार्टी को इसमें कामयाबी भी मिल रही है | कांग्रेस ने राजनांदगांव नगर निगम में मेयर और अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज कर बीजेपी को पीछे छोड़ दिया है |
