लखनऊ / उतर प्रदेश में सोमवार 7 फरवरी से स्कूल-कॉलेज खुलने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसका ऐलान कर दिया है। 7 फरवरी से यूपी में कक्षा 9वीं से 12वीं तक की कक्षाओं की ऑफलाइन क्लासेस शुरू हो जाएंगी।

इसके बाद अन्य कक्षाओं के स्कूलों को खोलने को लेकर शासन की ओर से विस्तृत आदेश जारी किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि स्कूलों को चरणबद्ध तरीके से 7 फरवरी से खोला जाएगा। हालांकि, इस दौरान कोविड गाइडलाइन का पालन करना अनिवार्य होगा।

गोरखपुर में भाजपा पदाधिकारियों के साथ हुई बैठक में सीएम योगी आदित्यनाथ ने बताया कि प्रदेश में अब कोरोना की तीसरी लहर नियंत्रण में है। इसीलिए स्कूल-कॉलेजों को अब खोल देना चाहिए। योगी ने कहा कि, स्कूल व कॉलेज खोले जाने को लेकर केंद्र की गाइडलाइंस का पूरी तरह से पालन करना अनिवार्य होगा।
केंद्र सरकार ने स्कूल खोलने के लिए पहले ही गाइडलाइन जारी कर दी हैं। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय का कहना है कि स्कूलों को सभी गाइडलाइन का पालन करना होगा।

जारी गाइडलाइन के मुताबिक, स्कूल परिसर को सैनिटाइज करके रखना होगा। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना होगा। स्कूलों में भीड़ जुटने वाले कार्यक्रम आयोजित नहीं होंगे। मास्क पहनना अनिवार्य होगा। बोर्डिंग स्कूलों में दो बेंच के बीच उचित दूरी रखनी होगी। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों द्वारा अनिवार्य रूप से इन गाइडलाइन का पालन करना जरूरी होगा।