रायपुर: Chhattisgarh Nikay Chunav Result 2025: छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव की मतगणना में शुरूआती रुझान में बीजेपी ने जबरदस्त बढ़त बना ली है। जबकि ज्यादातर नगरीय निकायों से सत्ता कांग्रेस के हाथों से निकलती नजर आ रही है। प्रदेश के 173 नगरीय निकायों में मतगणना सुबह 9.30 बजे से शुरू हो गई है। एक साथ सभी केंद्रों में जारी पोस्टल बैलेट की गिनती में ही बीजेपी को मिलती भारी बढ़त ने कार्यकर्ताओं का चेहरा खिला दिया है। जबकि कांग्रेस ने अभी जीत की उम्मीद नहीं छोड़ी है। बीजेपी नेताओं का दावा है कि कई इलाकों से कांग्रेस का पत्ता साफ होने के आसार बढ़ गए है। उधर ईवीएम को लेकर कही से भी अभी तक कोई शिकायत सामने नहीं आई है, तमाम केंद्रों में मतगणना का कार्य सुचारु ढंग से जारी बताया जाता है। जबकि एक राजनैतिक घटनाक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री भूपे बघेल को कांग्रेस ने प्रदेश की राजनीति से बाहर का रास्ता दिखा दिया है।

उन्हें महासचिव का प्रभार सौंप कर पंजाब का प्रभारी बनाने से पार्टी के भीतर नए समीकरण समाने आ रहे है। माना जा रहा है कि प्रदेश कांग्रेस की कमान अब वरिष्ठ नेता चरणदास महंत और पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के हाथों में स्थानांतरित की जा रही है, इस कड़ी में सिंहदेव के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने का रास्ता भी साफ हो गया है। हालिया दिनों वरिष्ठ नेता महंत ने एक सभा में दावा किया था कि अगला विधानसभा चुनाव सिंहदेव के नेतृत्व में लड़ा जायेगा। महंत के इन वक्तव्यों को कांग्रेस की भीतरी उठा-पटक से जोड़कर देखा जा रहा है।
उधर नगरीय निकाय चुनाव में बीजेपी और कांग्रेस के बीच रस्साकशी जारी है। मतों की गणना के दौरान दोनों ही दलों के कई नेताओं के बीच पूर्व मुख्यमंत्री बघेल के राजनैतिक भविष्य को लेकर कई अटकलें लगाई जा रही है। पार्टी के कई समर्थकों ने आलाकमान के फैसले की तारीफ करते हुए इसे प्रदेश में कांग्रेस की मजबूती के लिए ठोस कदम करार दिया है।

उनके मुताबिक दागदार छवि के नेताओं के चलते अभी भी कांग्रेस की फजीहत हो रही है। उन्हें उम्मीद है कि प्रदेश में संगठन की कमान स्वयं के बजाय निष्ठावान नेताओं को सौंपने से कांग्रेस फिर सत्ता में लौटेगी। इधर गहमागहमी के बीच EVM से रुझान सामने आने लगे है। बेमेतरा नगर पालिका में वार्ड 1 से निर्दलीय प्रत्याशी ने जीत दर्ज की है। यहाँ निर्दलीय उम्मीदवार राजकुमार खांडे को 282 वोट मिले हैं। जबकि वार्ड न. 16 से भाजपा प्रत्याशी नीतू कोठारी ने 57 वोट से जीत दर्ज की है। वार्ड 12 से निखिल साहू ने भी 252 वोटों से जीत दर्ज कर भाजपा का परचम लहराया है।

चिरमिरी नगर निगम में बीजेपी की लगभग 2400 वोटों से लीड कर रही है। यही हाल रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग-भिलाई नगर निगम का है। इन सभी इलाकों में शुरूआती दौर में बीजेपी 2 से 5 हज़ार की बढ़त बनाये हुए है।कांकेर नगर पालिका में बीजेपी का जलवा बरक़रार नजर आ रहा है। कांकेर नगर पालिका में भाजपा प्रत्याशी ने पहले राउंड में 1290 मतों की बढ़त बना ली है। यहाँ दूसरे राउंड की गणना शुरू हो गई है। पहले राउंड में भाजपा के 5 पार्षद जीत दर्ज कर चुके है, अध्यक्ष पद पर 1290 वोट्स की लीड से बीजेपी के हौसले बुलंद है। 10 नगर निगमों में 8 पर बीजेपी और 2 पर कांग्रेस ने शुरूआती बढ़ बना ली है। रायपुर की नगर पंचायत माना में कांग्रेस ने शुरूआती बढ़त बनाई हुई है। यहाँ वार्ड क्रमांक 8 से कांग्रेस प्रत्याशी मनोरंजन मंडल ने जीत दर्ज की है।