
रायपुर : छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में गिरफ्तार आईएएस अधिकारी सौम्या चौरसिया ने राहत पाने के लिए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। उन्होंने हाईकोर्ट में जमानत याचिका दायर की है, जिस पर कल सुनवाई होने वाली है।

इधर, इसी प्रकरण में ईओडब्ल्यू के प्रोडक्शन वारंट पर 8 जनवरी को सुनवाई तय है, जबकि इस केस से जुड़े ट्रायल की प्रक्रिया 13 जनवरी से शुरू होनी है।

बता दें कि शराब घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) जांच कर रही है और ACB में दर्ज FIR में 3200 करोड़ रुपये से अधिक के घोटाले का आरोप लगाया गया है। ED की जांच में दावा किया गया है कि तत्कालीन सरकार के कार्यकाल में आईएएस अधिकारी अनिल टुटेजा, आबकारी विभाग के एमडी ए.पी. त्रिपाठी और कारोबारी अनवर ढेबर के नेतृत्व में एक सिंडिकेट के जरिए यह घोटाला किया गया। इस मामले में कई राजनेताओं, आबकारी विभाग के अधिकारियों और संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज है।






