
CG Budget 2026 Mahila: रायपुर में पेश किए गए छत्तीसगढ़ के बजट 2026-27 में महिलाओं और बेटियों के सशक्तिकरण पर खास जोर दिया गया है। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने सदन में कई महत्वपूर्ण योजनाओं की घोषणा की, जिनका उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत बनाना है।सरकार ने इस बजट को “संकल्प” थीम पर आधारित बताया है, जिसमें समावेशी विकास और अंत्योदय के लक्ष्य के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया गया है। महिला सशक्तिकरण, पोषण और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत कर राज्य को समावेशी विकास मॉडल की दिशा में आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

बेटियों के लिए बड़ी सौगात
रानी दुर्गावती योजना के तहत अब प्रदेश की बेटियों को 18 वर्ष की आयु पूरी करने पर 1 लाख 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। सरकार का मानना है कि इससे बेटियों की शिक्षा और भविष्य की जरूरतों में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री लखपति दीदी भ्रमण योजना
महिलाओं को आत्मनिर्भर और जागरूक बनाने के उद्देश्य से “मुख्यमंत्री लखपति दीदी भ्रमण योजना” शुरू की जाएगी। इस योजना के माध्यम से प्रदेश की महिलाओं को धार्मिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। इसे महिला सशक्तिकरण से जोड़कर देखा जा रहा है।
महतारी वंदन योजना के लिए बड़ा बजट
सरकार ने वर्ष 2026-27 के लिए महतारी वंदन योजना में 8200 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है। अब तक इस योजना के तहत 14 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि महिलाओं के खातों में ट्रांसफर की जा चुकी है। प्रदेश में 70 लाख से ज्यादा महिलाएं इसका लाभ ले रही हैं।
250 महतारी सदन का निर्माण
महिलाओं के लिए आधारभूत सुविधाएं बढ़ाने के उद्देश्य से प्रदेशभर में 250 महतारी सदन बनाए जाएंगे। इसके लिए 75 करोड़ रुपए का बजट निर्धारित किया गया है।
मितानिन कल्याण निधि
स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान देने वाली मितानिन बहनों के लिए 350 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।
इसके अलावा आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए 800 करोड़ रुपए का बजट तय किया गया है। कुल मिलाकर, इस बजट में महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, सामाजिक सुरक्षा और आधारभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने की कोशिश की गई है।







