
देहरादून। Chardham Yatra 2026: देहरादून से बड़ी खबर सामने आ रही है जहां साल 2026 की चारधाम यात्रा 19 अप्रैल से विधिवत शुरू होने जा रही है, लेकिन इस बार श्रद्धालुओं को यात्रा के लिए ज्यादा किराया चुकाना पड़ सकता है। परिवहन विभाग की अगले हफ्ते होने वाली बैठक में बस और टैक्सी किराए में 10 से 20 प्रतिशत तक बढ़ोतरी पर फैसला लिया जा सकता है।
ट्रांसपोर्टर और बस ऑपरेटरों ने डीजल, बीमा और मेंटेनेंस खर्च बढ़ने का हवाला देते हुए किराया बढ़ाने की मांग की है। जानकारी के मुताबिक साधारण टैक्सी का मैदानी मार्ग पर नॉन एसी किराया 16 रुपये और एसी 18 रुपये प्रति किलोमीटर है, जबकि पर्वतीय मार्ग पर 18 से 20 रुपये प्रति किलोमीटर है।डीलक्स टैक्सी मैदानी मार्ग पर 20 से 22 रुपये और पहाड़ी मार्ग पर 22 से 25 रुपये प्रति किलोमीटर चल रही है। लग्जरी टैक्सी का किराया मैदानी मार्ग पर 25 रुपये और पर्वतीय मार्ग पर 27 रुपये प्रति किलोमीटर है, जबकि सुपर लग्जरी टैक्सी 35 रुपये मैदानी और 40 रुपये पर्वतीय मार्ग पर वसूली जाती है।
प्रतीक्षा शुल्क भी बढ़ सकता है, जिसमें साधारण टैक्सी का पहले दो घंटे 50 रुपये और उसके बाद 50 रुपये प्रति घंटा, डीलक्स का 75 रुपये और फिर 100 रुपये प्रति घंटा, लग्जरी का 100 रुपये और फिर 150 रुपये प्रति घंटा तथा सुपर लग्जरी का 125 रुपये और उसके बाद 200 रुपये प्रति घंटा तय है।बता दें कि साल 2022 में पहली बार चारधाम यात्रा के लिए अलग किराया तय किया गया था। बद्रीनाथ के कपाट 23 अप्रैल, केदारनाथ 22 अप्रैल और गंगोत्री-यमुनोत्री के कपाट 19 अप्रैल (अक्षय तृतीया) को खुलेंगे।
साथ ही रोडवेज बस, स्कूल बस और वैन किराए में भी बढ़ोतरी की तैयारी है। उत्तराखंड रोडवेज आर्थिक संकट से गुजर रहा है, ऐसे में किराया बढ़ाकर घाटा कम करने की कोशिश की जा सकती है।
इसके अलावा पर्वतीय मार्गों पर भार क्षमता 16,200 किलोग्राम से बढ़ाकर 18,500 किलोग्राम करने पर भी विचार किया जाएगा। पिछले साल 50 लाख से अधिक श्रद्धालु चारों धाम पहुंचे थे और इस बार रिकॉर्ड टूटने की उम्मीद है।





