
दरभंगा और पटना में वोटर अधिकार यात्रा विवाद लगातार तूल पकड़ रहा है। दरभंगा में एक युवक को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी मां के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। इसी मुद्दे को लेकर पटना में शुक्रवार को भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। दोनों दलों के बीच हुई झड़प में डंडे चले और कई लोग घायल हो गए।
बीजेपी और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप
भाजपा नेता नितिन नवीन ने कहा कि कांग्रेस को इसका करारा जवाब मिलेगा। उन्होंने कहा, “बिहार का हर बेटा मां का अपमान करने पर कांग्रेस को जवाब देगा। हम बदला लेंगे।” दूसरी ओर, कांग्रेस कार्यकर्ता डॉ. आशुतोष ने पलटवार करते हुए कहा कि यह सब सरकार की संलिप्तता से हो रहा है और कांग्रेस भी करारा जवाब देगी।
विवादित वीडियो और कानूनी कार्रवाई
यह विवाद तब शुरू हुआ जब सोशल मीडिया पर एक कथित वीडियो सामने आया। वीडियो में कांग्रेस का झंडा पकड़े एक व्यक्ति को मंच से प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ अपशब्द कहते देखा गया। भाजपा ने इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कांग्रेस से माफी की मांग की और पुलिस में मामला दर्ज कराया। इसके साथ ही राहुल गांधी के खिलाफ भी केस दर्ज हुआ है।