
बिहार : नालंदा जिले में आज सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। दीपनगर थाना क्षेत्र के मघड़ा स्थित शीतला मंदिर में अचानक भगदड़ मचने से आठ श्रद्धालुओं की जान चली गई, जिनमें अधिकतर महिलाएं बताई जा रही हैं। इस घटना में कई लोग घायल भी हुए हैं, जबकि मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मंदिर में भारी भीड़ और पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण हालात बेकाबू हो गए। हर मंगलवार यहां हजारों की संख्या में श्रद्धालु पूजा के लिए पहुंचते हैं, लेकिन इस बार सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण पूरी तरह नाकाम नजर आया। इसी दौरान किसी वजह से अफरा-तफरी मची और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।घटना की सूचना मिलते ही कई एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं और घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया। करीब 10 से 12 लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिनका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।

प्रशासन ने मंदिर परिसर को खाली कराकर स्थिति को नियंत्रण में लिया है और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। एसडीएम समेत अन्य अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे हैं।बताया जा रहा है कि आज नालंदा विश्वविद्यालय में दीक्षांत समारोह भी आयोजित है, जिसमें द्रौपदी मुर्मू, नीतीश कुमार और सम्राट चौधरी के शामिल होने की संभावना है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि क्या बड़े कार्यक्रम के कारण मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था में कहीं लापरवाही हुई।फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है और हादसे के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।




