
नई दिल्ली भारत सरकार ने स्पष्ट किया है कि देश में पेट्रोल, डीज़ल और LPG की कोई कमी नहीं है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक जानकारी को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
मंत्रालय के अनुसार, अफवाहों के कारण कुछ जगहों पर लोग अनावश्यक रूप से ज्यादा ईंधन की खरीदारी कर रहे हैं, जिससे घबराहट का माहौल बन रहा है। सरकार ने भरोसा दिलाया है कि सभी फ्यूल स्टेशन सामान्य रूप से संचालित हो रहे हैं और कहीं भी राशनिंग लागू नहीं की गई है।
इसके साथ ही बताया गया कि देश की रिफाइनरियां पूरी क्षमता से काम कर रही हैं और अगले दो महीनों के लिए ईंधन आपूर्ति पहले से सुनिश्चित कर ली गई है।
सरकार ने यह भी जानकारी दी कि भारत 40 से अधिक देशों से कच्चा तेल आयात करता है, जिससे सप्लाई में किसी तरह की कमी का कोई खतरा नहीं है।
मंत्रालय ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।






