
Air India Plane Fire: सिंगापुर जाने वाली एयर इंडिया की एक फ्लाइट को आग लगने की चेतावनी मिलने के बाद दिल्ली एयरपोर्ट लौटना पड़ा। इस घटना में शामिल विमान में 190 लोग सवार थे। पता करें कि यह घटना कब हुई। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बीते 24 घंटे के भीतर एयर इंडिया की दो अलग-अलग उड़ानों में तकनीकी खामियां सामने आईं, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि दोनों ही मामलों में समय रहते सतर्कता बरती गई और किसी भी प्रकार के जान-माल के नुकसान से बचाव हो गया।
पहली घटना बुधवार देर रात की है, जब दिल्ली से सिंगापुर जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-2380 को उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद वापस इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतारना पड़ा।
Air India Plane APU Fire: हवा में 1 घंटा तक रहा विमान

सूत्रों के मुताबिक, बोइंग 787-9 ड्रीमलाइनर विमान के एपीयू (ऑक्सिलरी पावर यूनिट) में आग लगने की चेतावनी मिली थी। विमान में करीब 190 यात्री सवार थे। एहतियात के तौर पर पायलट ने विमान को करीब एक घंटे तक हवा में रखने के बाद दिल्ली वापस लाने का फैसला किया। फ्लाइटरडार24 की जानकारी के अनुसार, यह विमान रात करीब एक बजे सुरक्षित रूप से दिल्ली में उतरा।
Air India News: एयर इंडिया ने दी जानकारी
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया। दिल्ली में यात्रियों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं और उन्हें वैकल्पिक विमान से सिंगापुर के लिए रवाना किया गया। एयरलाइन ने इस अप्रत्याशित स्थिति से हुई असुविधा के लिए यात्रियों से खेद भी जताया।
Air India Flight News: विमान का इंजन हुआ क्षतिग्रस्त (Air India Plane Fire)

दूसरी घटना गुरुवार को सामने आई, जब एयर इंडिया के एक A350 विमान के इंजन में एयरपोर्ट पर खड़ा एक कंटेनर खिंचकर घुस गया। इस घटना में विमान का इंजन क्षतिग्रस्त हो गया। हिन्दुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, इस दौरान विमान में मौजूद एक यात्री ने घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किया। फिलहाल इस मामले पर एयर इंडिया की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। इन दोनों घटनाओं ने विमानन सुरक्षा और ग्राउंड हैंडलिंग प्रक्रियाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि गनीमत रही कि समय पर कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्री सुरक्षित रहे।







