
जालंधर : भारतीय जनता पार्टी पंजाब की तरफ से मोगा के गांव किल्ली चाहलां में बदलाव रैली का आयोजन शनिवार किया जा रहा है, जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह प्रमुख तौर पर भाग लेंगे तथा उपस्थित लोगों को संबोधित करेंगे। पिछले डेढ़ महीने में पंजाब में भारतीय जनता पार्टी के किसी केंद्रीय नेता का यह दूसरा दौरा है। इससे पहले स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फरवरी माह में जालंधर का दौरा करके गए थे।
अमित शाह की इस बदलाव रैली को भाजपा की पंजाब चुनावों को लेकर शुरू किए जा रहे अभियान की ताल ठोकने की तरह देखा जा रहा है। संभावना जताई जा रही है कि अमित शाह की इस रैली के बाद 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए भाजपा का अभियान शुरू हो जाएगा। इस रैली को आगाज के तौर पर देखा जा रहा है। पंजाब में भाजपा पहले भी सत्ता में रह चुकी है। उस समय शिरोमणि अकाली दल बादल के साथ भाजपा का गठबंधन था, लेकिन अब भाजपा अकेले मैदान में उतरने जा रही है तथा पंजाब में 2027 में सत्ता पर कायम होने के लिए पूरी तरह से कान्फीडैंट है। शनिवार की बदलाव महारैली इस अभियान का आगाज होगी।
मोगा में हो रही इस रैली की रूपरेखा प्रदेश संगठन मंत्री श्रीनिवासलु स्वयं देख रहे हैं। उनके साथ प्रदेश प्रभारी नरिंद्र सिंह रैणा, प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अश्विनी शर्मा तथा प्रदेश के अन्य वरिष्ठ नेता रैली को कामयाब बनाने के लिए मैदान में जुटे हुए हैं। भाजपा की तरफ से दावा किया जा रहा है कि इस रैली में 4000 के करीब बसें पहुंचेंगी तथा प्रदेश भर की 117 विधानसभा सीटों से 1 लाख से अधिक वर्कर तथा आम लोग रैली में भाग लेने पहुंचेंगे। भाजपा के नेताओं ने आज दिन भर रैली स्थल पर तैयारियों को अँतिम रूप दिया तथा इस रैली को कामयाब बनाने के लिए पार्टी के सभी नेता तथा वर्कर पूरी तरह से जुटे हुए हैं।






