
रायपुर : छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र सोमवार से आरंभ हो रहा है| इस सत्र के बीच में होली भी आ गई है,लिहाज़ा हंगामेदार होने के साथ-साथ होली का रंग भी बजट सत्र में नज़र आएगा| 23 फरवरी से 20 मार्च 2026 तक आयोजित विधान सभा के अष्टम सत्र को लेकर डॉ रमन सिंह ने बताया,कि इस सत्र में कुल 15 बैठके प्रस्तावित है।

विधान सभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने जानकारी देते हुए कहा,कि सत्र की शुरूआत सोमवार, दिनांक 23 फरवरी, 2026 को पूर्वान्ह 11.05 बजे मान. राज्यपाल महोदय के अभिभाषण से होगी। उनके मुताबिक,मान. राज्यपाल महोदय के अभिभाषण के कृतज्ञता ज्ञापन प्रस्ताव पर सभा में चर्चा बुधवार, दिनांक 25 फरवरी, 2026 को होगी,इस बजट सत्र में जो वित्तीय एवं शासकीय कार्य संपादित किये जायेंगे,उसका ब्यौरा डॉ रमन सिंह ने पेश किया |

उन्होंने बताया,कि स्वर्गीय दीनदयाल सिंह पोर्ते, अविभाजित मध्यप्रदेश विधान सभा के पूर्व सदस्य के निधन उल्लेख के साथ सत्र की शुरुआत होगी | इसके उपरांत वित्तीय कार्य संपादित किए जाएंगे| उन्होंने बताया,कि मंगलवार, दिनांक 24 फरवरी, 2026 को अपरान्ह 12.30 बजे वित्तमंत्री ओ.पी.चौधरी वर्ष 2026-2027 के आय व्ययक का उपस्थापन अर्थात बजट पेश करेंगे। गुरूवार, दिनांक 26 फरवरी, 2026 एवं शुक्रवार, दिनांक, 27 फरवरी, 2026 को वित्तीय वर्ष 2026-27 के आय-व्ययक पर सामान्य चर्चा होगी। जबकि,दिनांक 09 से 17 मार्च, 2026 तक सभा में विभागवार अनुदान मांगों पर चर्चा की जाएगी।

विधासभा अध्यक्ष ने कहा,कि दिनांक 17 मार्च, 2026 आय-व्ययक की मांगो से संबंधित विनियोग विधेयक का पुरःस्थापन होगा। इसके अलावा आय-व्ययक की मांगो से संबंधित विनियोग विधेयक पर चर्चा एवं पारण हेतु दिनांक 18 मार्च, 2026 की तिथि निर्धारित की गई है। डॉ रमन सिंह ने कहा,कि विधि विषयक कार्य हेतु अभी तक शासकीय विधि-विषयक कार्यों के अंतर्गत छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य विधेयक, 2026, छत्तीसगढ़ लोक सुरक्षा (उपाय) प्रवर्तन विधेयक, 2026, प्रश्न,स्थगन एवं ध्यानकर्षण सूचनाएं समेत विधेयकों की सूचनाएँ प्राप्त हुई हैं |

उन्होंने यह भी बताया,कि अभी तक प्राप्त प्रश्नों की तारांकित प्रश्नों की कुल संख्या इस सत्र के लिए कुल 2813 सूचनायें सदस्यों से प्राप्त हुई है, जिनमें 1437 एवं अतारांकित प्रश्नों की कुल संख्या 1376 है। जबकि, 61 सूचनायें ध्यानाकर्षण प्रस्ताव की प्राप्त हुई है| उन्होंने कहा,कि नियम 139 के अधीन अविलंबनीय लोक महत्व के विषय पर चर्चा के लिए सिर्फ 01 सूचना मिली है| इसी तरह अशासकीय संकल्प की कुल 13 सूचनायें,शून्यकाल की 09 सूचनायें और याचिका की 112 सूचनायें भी प्राप्त हुई है।
छत्तीसगढ़ विधासभा सत्र सोमवार 23 फरवरी से,डॉ रमन सिंह का एलान -15 बैठके,1437 प्रश्न बजट,अनुदान मांगे समेत राज्यपाल का अभिभाषण समेत इस बजट सत्र में सब कुछ…







