
बिहार चुनाव 2025 के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी 45 सदस्यीय चुनाव अभियान समिति का ऐलान कर दिया है। इस समिति में केंद्रीय और राज्य सरकार के मंत्री, सांसद, विधायकों, पूर्व सांसदों और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हैं। समिति का मुख्य काम चुनाव प्रचार की रणनीति बनाना और उसे बूथ स्तर तक लागू करना होगा। साथ ही, पार्टी ने सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन का विशेष ध्यान रखा है।
सूची में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, नित्यानंद राय, सतीश चंद्र दुबे और राजभूषण निषाद के साथ स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राधा मोहन सिंह, संजय जायसवाल और गोपाल नारायण सिंह को भी जगह दी गई है। इसके अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद, अश्विनी चौबे और राजीव प्रताप रूडी का नाम भी शामिल है।
सांसद विवेक ठाकुर, प्रदीप कुमार सिंह, जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, गोपालजी ठाकुर, अशोक यादव, शंभू शरण पटेल और धर्मशीला गुप्ता को भी समिति में जगह मिली है। राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा और राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा, कई नए चेहरों को मौका मिला है, जिनमें कृष्ण कुमार ऋषि, अनिल शर्मा, कृष्ण कुमार मंटू, राम नारायण मंडल और राजेंद्र प्रसाद गुप्ता शामिल हैं। समिति में बेबी कुमारी, शीला प्रजापति और लालमोहन गुप्ता जैसे नेताओं को भी जोड़ा गया है। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, भाजपा ने इस बार सामाजिक संतुलन और नए चेहरों को तरजीह देकर युवा और विभिन्न वर्गों को साधने की रणनीति अपनाई है।
साथ ही, भाजपा ने 13 सदस्यीय घोषणापत्र समिति का गठन भी किया है। इसका नेतृत्व व्यवसायी आयोग के अध्यक्ष सुरेश रूंगटा करेंगे। इस समिति का उद्देश्य बिहार के विभिन्न वर्गों की आकांक्षाओं और आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए पार्टी का विजन डॉक्यूमेंट तैयार करना है।