इंदौर वेब डेस्क / मध्यप्रदेश के इंदौर और जबलपुर में प्रशासन सकते में है | दरअसल इंदौर में हाल ही में शासकीय कर्मचारियों पर हमले के मामले में राष्ट्रीय सुरक्षा कानून “रासुका” के तहत जबलपुर जेल भेजे गए चार आरोपियों में से एक का टेस्ट कोरोना पॉजिटिव निकला है। रिपोर्ट के बाद इसे जिला अस्पताल लाया गया और उसे आइसोलेट किया गया है।

अब जबलपुर के सेंट्रल जेल में संक्रमण बढ़ने की आशंका बढ़ गई है | यही नहीं इंदौर से इन्हे जबलपुर लाने वाले पुलिसकर्मियों पर भी संक्रमण का खतरा मंडरा रहा है। इंदौर और जबलपुर में इनके संपर्क में आए सभी लोगों को आइसोलेट किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि इंदौर के चंदन नगर में पुलिस पर पत्थरबाजी के आरोप में चार आरोपियों को रासुका में जबलपुर जेल शिफ्ट किया गया था।

बीते दिनों इंदौर शहर के चंदन नगर में पुलिसकर्मियों पर पत्थर चलाए जाने की घटना सामने आई थी | मामले के आरोपियों को पुलिस ने दबोचा था। कलेक्टर मनीष सिंह ने चंदन नगर में हुई घटना के चार आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए रासुका के तहत मामला दर्ज किया था। आरोपियों को जबलपुर और सतना जेल भेजने के आदेश दिए गए थे।
ये भी पढ़े : WHO की भारत को चेतावनी : लॉक डाउन और अन्य पाबंदी जल्द हटाई गईं तो घातक होंगे परिणाम, देश में कोरोना के तेजी से बढ़ते मामले चिंताजनक, अब भारत में बढ़ सकता है लॉकडाउन ?
जिनके खिलाफ रासुका के तहत कार्रवाई हुई है, उनके नाम जावेद (25), इमरान खान (24), नासिर खां (58), सलीम खान (50) और समीर अनवर (22) हैं। ये आरोपी लॉकडाउन का उल्लंघन कर रहे थे। पुलिस के मना करने पर इन्होंने बदतमीजी की और पत्थरबाजी शुरू की थी। अब इन्हीं चार आरोपियों में से एक आरोपी कोरोना पॉजिटिव निकला है। सभी आरोपियों को क्वारंटाइन किया गया है | लेकिन जेल में बंद कई विचाराधीन कैदी तनाव में आ गए है |