भोपाल / मध्य प्रदेश में 28 सीटों पर होने जा रहे उपचुनाव के बीच कांग्रेस को एक और बड़ा झटका लगा है, दमोह से कांग्रेस विधायक राहुल लोधी ने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा विधानसभा के सामयिक अध्यक्ष रामेश्वर शर्मा को सौंप दिया। जानकारी के मुताबिक कमल नाथ को इस बात की आशंका थी कि राहुल लोधी उनका साथ छोड़ सकते हैं, इस दौरान उन्होंने लोधी से बात भी की थी। लेकिन उपचुनाव के पहले यह कांग्रेस के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है। इसके बाद उन्होंने सीएम शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हो गए। भाजपा में शामिल होने के बाद उन्होंने कहा कि मैं चाहता हूं कि मध्य प्रदेश उपचुनाव में भाजपा सभी सीटों पर जीते।

राहुल लोधी के कांग्रेस विधायक पद से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल होने पर कांग्रेस प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने ट्वीट कर कहा कि ‘प्रदेश पर 25 उपचुनाव थोपने वाली भाजपा अभी भी बाज नहीं आ रही है, लोकतंत्र की हत्या का खेल, सौदेबाज़ी का खेल अभी भी जारी है। चुनाव में अपनी संभावित हार देखते हुए खरीद फरोख्त का खेल फिर शुरू कर दिया है। जनता खुली आंखों से सब देख रही है, चुनाव में करारा जवाब देगी। प्रदेश को देश भर में इतना कलंकित करने के बाद भी इनका पेट नहीं भरा है, अभी भी प्रदेश के मतदाताओं का, जनादेश का अपमान करने में लगे हुए हैं। इनकी घृणित राजनीति का अगला शिकार जयंत मलैया हुए हैं। भाजपा अपने ईमानदार-निष्ठावान कार्यकर्ताओं का निरंतर हक मारते जा रही है।’

विधानसभा से इस्तीफा देने के बाद विधायक राहुल लोधी ने राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, मध्य प्रदेश बीजेपी के अध्यक्ष वीडी शर्मा की मौजूदगी में भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया | इससे पहले, जुलाई में मंधाता से नारायण पटेल, बड़ा मलहरा से प्रद्युम्न सिंह लोधी और नेपानगर से विधायक सुमित्रा देवी कासडेकर ने विधानसभा से इस्तीफा दे दिया था और बाद में बीजेपी में शामिल हो गए थे |

इस साल मार्च में पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के करीबी 22 कांग्रेस विधायकों ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद 15 महीने तक चली कमलनाथ की अगुवाई वाली सरकार गिर गई थी | इसके बाद शिवराज सिंह चौहान फिर से मुख्यमंत्री की कुर्सी पर काबिज हुए | बता दें कि मध्य प्रदेश में 28 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं |