Friday, September 20, 2024
HomeChhatttisgarhरायपुर रेलवे स्टेशन के इर्द गिर्द की कई होटलों में गौ मांस...

रायपुर रेलवे स्टेशन के इर्द गिर्द की कई होटलों में गौ मांस उपलब्ध, जोरों पर बिक्री, पुलिस की दबिश 3 गिरफ्तार, हिंदूवादी संगठनों की पहल रंग लाई …

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में गौ तस्करी कोई नई बात नही है, लेकिन यह कारोबार इतना फल फूल रहा है कि ग्राहकों को पका पकाया गौ मांस भी उपलब्ध कराया जा रहा है। राज्य में पुलिस और प्रशासन के लिए गौ तस्करी बड़ी चुनौती साबित हो रही है। रेलवे स्टेशन के आसपास के इलाको मे स्थित कई होटलों में गौ मांस बगैर रोक टोक परोसा जा रहा है। यदि आप भी मांस के शौकीन हैं, इस इलाके में खाने पीने के लिए जाते है, तो हो जाइए सतर्क, मांसाहार के नाम पर इस इलाके की कई होटलों में गौ मांस की उपलब्धता सहज बनी हुई है। लंबे अरसे से इस कारोबार को अंजाम दिया जा रहा है। पुलिस की दबिश ने गौ मांस उपलब्ध कराने वालों पर नकैल कसना शुरू कर दिया है।

एक ताज़ा घटनाक्रम में पुलिस ने गुढ़ियारी स्थित एक ठिकाने पर छापेमारी की है। यहां गौ मांस की बिक्री जोरों पर चल रही थी, मौके पर गौ मांस पकाया भी जा रहा था। ताकि ग्राहकों की सुविधा को देखते हुए पका पकाया गौ मांस भी उपलब्ध कराया जा सके। पुलिस ने गौ मांस की तस्करी और बिक्री के मामले को लेकर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। रंगे हाथों धर दबोचे गए तीनों आरोपी लंबे अरसे से इस कारोबार में लिप्त बताए जाते हैं।

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के गुढियारी स्थित खालबाड़ा क्षेत्र में गौ मांस बिक्री के साथ साथ पका पकाया मांस भी होटलों में सप्लाई करने का मामला सामने आया है। इस सिलसिले में तीन गौ तस्कर पुलिस के हत्थे चढ़े हैं। स्थानीय पुलिस ने छत्तीसगढ़ महतारी गौ सेवा समिति की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए छापेमारी भी की है। बताते हैं कि पुलिस ने प्वाइंटर के जरिए गौ तस्करों को धर दबोचा है। उनके खिलाफ F.I.R. दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

सूत्रों के मुताबिक रेलवे स्टेशन के आसपास की कई होटलों में सामान्य के साथ साथ गौ मांस भी परोसा जा रहा है। कई लोगों को इसकी भनक भी नही है कि वे गौ मांस का सेवन कर रहे हैं। बताया जाता है कि आरोपियों ने सामान्य ग्राहकों के अलावा उन होटलों के बारे में भी तस्दीक की है, जहां वे गौ मांस की नियमित आपूर्ति किया करते थे। यह भी बताया जाता है कि पुलिस की दबिश और आरोपियों की धर पकड़ के चलते गौ मांस कारोबार में शामिल कई होटल संचालक सतर्क हो गए हैं।

छत्तीसगढ़ महतारी गौ सेवा समिति के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम साहू ने बताया कि काफी दिनों से सूचना मिल रही थी कि गुढियारी क्षेत्र में गौ तस्करी जोरों पर है। उनके मुताबिक खालबाड़ा इलाके में चोरी छुपे कुछ लोग गौ मांस के टुकड़े-टुकड़े कर बेचा करते हैं। प्रीतम साहू ने बताया कि मामले की शिकायत पुलिस से की गईं थी। घटनास्थल में पुलिस टीम के साथ गौ सेवक भी पहुंचे थे। इस दौरान गैर कानूनी गौ मांस बिक्री कारोबार को देखकर पुलिस टीम भी हैरत में पड़ गई। बताते हैं कि गोपाल बिसे, नील साहू तथा अन्य गौ सेवकों ने मौके पर कानूनी कार्यवाही पूर्ण करने में पुलिस की मदद भी की। प्रीतम ने यह भी बताया कि काफी तादाद में लोग एक कमरे में बैठे थे और कड़ाही में मांस पकाया भी जा रहा था।

इधर गुढ़ियारी थाना प्रभारी कृष्ण कुमार कुशवाहा के मुताबिक धरम बघेल , रूपेश लहरी और शिव कुमार सोनकर को गिरफ्तार किया गया है। इन तीनों के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 2004 की धारा 4,5,6,10 के तहत एवम धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में धारा 295 का मामला पंजीबद्ध किया गया है। कृष्ण कुमार कुशवाहा ने लोगों को आश्वस्त किया है कि गौ मांस बिक्री के मामलों पर कड़ी से कड़ी कार्यवाही की जाएगी।

Bureau Report
Bureau Reporthttp://www.newstodaycg.com
PUBLISHER/DIRECTOR/EDITOR – SUNIL NAMDEO, ADDERESS – NEAR SHWETA SCHOOL,NEW RAJENDRA NAGAR , RAIPUR CG 492001 , MOBILE NO.- 9993938461
RELATED ARTICLES

Most Popular

spot_img