भिलाई: दुर्ग रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने आज शालीमार-कुर्ला एक्सप्रेस से एक बांग्लादेशी नागरिक को हिरासत में लिए है। आरोपी मुंबई पुलिस की कस्टडी से फरार हुआ था और कोलकाता के रास्ते बांग्लादेश भागने की फ़िराक में था। आरोपी को मुंबई पुलिस की टीम लेकर वापस रवाना हो गई।
दरअसल, दुर्ग जीआरपी को शुक्रवार रात मुंबई पुलिस से सूचना मिली थी, कि एक बांग्लादेशी आरोपी शालीमार-कुर्ला एक्सप्रेस से कोलकाता जा रहा है। आरोपी भारत से अवैध रूप से भागने की योजना बना रहा था। जिसके बाद जीआरपी ने सतर्कता बरतते हुए दुर्ग स्टेशन पर पुलिस बल तैनात किया।
ट्रेन के पहुंचते ही एस-1 कोच में दबिश देकर संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसकी पहचान अजमीर शेख, निवासी बांग्लादेश के रूप में हुई। अजमीर शेख की गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस की टीम छत्तीसगढ़ पहुंची है। टीम फ्लाइट से रायपुर आई और सड़क मार्ग से दुर्ग पहुंची। सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी को मुंबई ले जाया गया।
