अमेरिका। आगरा में जन्मे और अमेरिका में बसे अर्विंदर सिंह बहल, जिन्हें ‘अर्वी बहल’ के नाम से जाना जाता है, आज 3 अगस्त को ब्लू ओरिजिन की स्पेस टूरिज्म फ्लाइट NS-34 से अंतरिक्ष की दहलीज तक पहुंचने जा रहे हैं। यह उड़ान अमेरिका के टेक्सास से लॉन्च होगी और ब्लू ओरिजिन का 14वां मानव मिशन होगा।
करीब 80 वर्षीय अर्वी बहल एक प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय यात्री, रियल एस्टेट इन्वेस्टर और शौकिया फोटोग्राफर हैं। उन्होंने दुनिया के 196 देशों और सातों महाद्वीपों की यात्रा की है। वे माउंट एवरेस्ट के ऊपर स्काइडाइविंग कर चुके हैं और उत्तरी-दक्षिणी ध्रुव की यात्रा भी कर चुके हैं।
ताजमहल के पास बिताया बचपन
13 अक्टूबर 1945 को आगरा में जन्मे अर्वी ने ताजमहल के पास अपना बचपन बिताया। एनडीए में चयन के बाद भी भारतीय सेना में भर्ती नहीं हो पाए। उन्होंने दार्जिलिंग के टी एस्टेट में काम किया और फिर दिल्ली के पास गारमेंट बिज़नेस शुरू किया।
अमेरिका में सफलता की उड़ान
1975 में महज़ $108 लेकर अमेरिका पहुंचे और बाद में वहीं बस गए। अब वह Bahal Properties नामक रियल एस्टेट कंपनी के मालिक हैं। उनके परिवार में पत्नी, बेटा, बेटी और पोते-पोतियां शामिल हैं।
स्पेस मिशन में अन्य साथी
इस अंतरिक्ष उड़ान में उनके साथ तुर्की, ग्रेनेडा, ब्रिटेन और प्यूर्टो रिको से आए यात्रियों सहित कुल छह लोग शामिल हैं। उड़ान 11 मिनट की होगी और यात्रियों को Kármán Line पार कराकर सुरक्षित पृथ्वी पर लौटाया जाएगा।
