एंटरटेनमेंट वेब डेस्क / देश में लॉकडाउन के चलते सितारे सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय हो गए हैं। इस लिस्ट में अभिनेत्री अनुष्का शर्मा और क्रिकेटर विराट कोहली का नाम भी शामिल है। न सिर्फ विराट- अनुष्का सोशल मीडिया पर अपने फैंस को समझाइश दे रहे हैं बल्कि साथ ही साथ उनका भरपूर मनोरंजन भी कर रहे हैं।

हाल ही में अनुष्का शर्मा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया था। इस वीडियो में अनुष्का और विराट दोनों नजर आ रहे थे। अनुष्का वीडियो में चिल्लाते हुए कहती हैं, ‘ऐ कोहली… कोहली चौका मार ना, चौका.. क्या कर रहा है… ऐ कोहली चौका मार।’ अनुष्का के इतना कहने के बाद वीडियो में विराट नजर आते हैं जो बड़े ही अजीबो गरीब हावभाव देते हैं।

इस वीडियो के कैप्शन में अनुष्का ने लिखा था, ‘मुझे लगा वो क्रिकेट के मैदान को मिस कर रहे होंगे। साथ ही लाखों फैंस को भी जो उन्हें खूब प्यार देते हैं। वो जरूर एक खास तरह के फैंस को मिस कर रहे होंगे इसलिए घर बैठे मैंने खुद इस अनुभव का मौका दिया।’
अनुष्का शर्मा के इस वीडियो को करीब एक करोड़ से अधिक बार देखा जा चुका है। वहीं करीब 68 हजार लोग इस वीडियो पर कमेंट कर चुके हैं। इन कमेंट्स की लिस्ट में कई बॉलीवुड सितारे भी शामिल हैं जो इसे काफी पसंद कर रहे हैं। कार्तिक आर्यन, रणवीर सिंह, प्रियंका चोपड़ा, अर्जुन कपूर, मलाइका, जरीन खान सहित कई सितारे कमेंट कर चुके हैं।

इस वीडियो को अलावा भी सोशल मीडिया पर विराट- अनुष्का के कई फोटोज और वीडियोज हाल ही में वायरल हो चुके हैं। कुछ दिन पहले ही अनुष्का ने विराट कोहली को हेयरकट दिया था। याद दिला दें कि विराट कोहली और अनुष्का शर्मा ने कोरोना वायरस के खिलाफ जारी जंग में पीएम केयर्स और सीएम केयर्स फंड में तीन करोड़ रुपये से आर्थिक सहायता की थी। फैंस ने उस वक्त भी दोनों की जमकर तारीफ की थी।
