एंटरटेनमेंट वेब डेस्क / दुनियाभर में तबाही मचाने वाला कोरोना वायरस भारत में भी अपना कहर बरपा रहा है। देश में अब तक 2069 संक्रमित मामले सामने आ चुके हैं। वहीं इस जानलेवा वायरस से 53 लोगों की जान भी चली गई है। इस डर के माहौल में भी कुछ लोग हैं जो जहर घोलने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसी ही एक घटना बुधवार को मध्य प्रदेश में हुई जहां चांज करने पहुंचे डॉक्टर्स पर पथराव किया गया।

दरअसल इंदौर के टाटपट्टी बाखल इलाके में कोरोना वायरस से संक्रमित एक मरीज के संपर्क में आए लोगों को ढूंढने के लिए स्वास्थ्य कर्मियों की एक टीम पहुंची थी। लेकिन वहां कुछ लोगों ने इन पर अचानक पथराव शुरू कर दिया। पथराव में दो महिला डॉक्टरों के पैरों में चोट आई है। घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी हो रहा है।

ये भी पढ़े : पंजाब में कोरोना वायरस से पांचवीं मौत, नया पॉजिटिव केस आया सामने, पीड़ितों की कुल संख्या हुई 47
इस घटना पर बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इंस्टा स्टोरी पर लिखा, ‘कृपया स्वास्थ्य कर्मियों को अपना काम करने दीजिए। उनका काम आपको ही बचाना है। आपकी जान बचाने के लिए वो अपनी जान खतरे में डाल रहे हैं। ऐसा करने की बजाए खतरे से खुद को जागरुक करिए। यह बेहूदा है।’

इस घटना के बाद सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इनके खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा सहित धारा 186 , 188 और 353 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। इंदौर डीआईजी हरि नारायण चारी मिश्र ने बताया कि अन्य दस दोषियों पर भी कार्रवाई की जा रही है।