
चंडीगढ़: पाकिस्तान कों भारत जहाँ मुँह तोड़ जवाब दे रहा है, वही देश के भीतर निवासरत गद्दारों को भी ढूंढ-ढूंढ कर निकाला जा रहा है। NIA के अलावा पुलिस भी पाकिस्तानी जासूसी नेटवर्क का पर्दाफाश करने में जुटी है। इस कड़ी में एक और शख्स को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया गया है। पंजाब पुलिस ने यह कार्रवाई कर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के गुर्गो पर नकेल कसी है। गिरफ्तार शख्स के साथ आतंकवादी हाफिज सईद की तस्वीरे भी जब्त मोबाइल में होने का भी दावा किया जा रहा है।

हालांकि, पुलिस ने विवेचना का हवाला देते हुए इस बारे में स्पष्ट रूप से कुछ नहीं कहा है। पंजाब पुलिस डीजी गौरव यादव ने कहा, ‘शुरुआती जांच से पता चला है कि गगनदीप सिंह बीते पांच सालों से पाकिस्तान में रहने वाले खालिस्तानी आतंकवादी गोपाल सिंह चावला के संपर्क में था। उसके जरिए वह PIO यानी पाकिस्तान इंटेलिजेंस ऑपरेटिव्स के संपर्क में आया। उसे भारतीय माध्यमों के जरिए PIO से पेमेंट भी मिले हैं।’

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जासूसी के शक में गिरफ्तार आरोपी की पहचान गगनदीप सिंह के तौर पर हुई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक वह पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के साथ खालिस्तानी आतंकवादी गोपाल सिंह चावला के भी संपर्क में था। बताते है कि वह लंबे समय से सीमा पर होने वाली सेना की गतिविधियों के बारे में भी जानकारी दे रहा था। उसने ऑपरेशन सिंदूर के समय भी संवेदनशील जानकारी साझा की थी।
एक रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि गगनदीप ने सेना की तैनाती, अहम स्थानों समेत कई संवेदनशील जानकारियां पाक में साझा की थीं। खबर है कि उसके पास एक मोबाइल भी बरामद हुआ है, जिसमें खुफिया जानकारी है। वह यह जानकारी पाकिस्तानी एजेंट्स के साथ शेयर कर रहा था। उसके पास ISI के 20 से अधिक लोगों के कांटेक्ट हैं। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है।