हैरत करने वाली खबर : 16 बार मां बनी यह महिला , 8 बच्चों की मौत 8 जीवित , हमेशा हुई नॉर्मल डिलीवरी ,16वीं बार मां -बेटे दोनों ने तोड़ा दम , मेडिकल कर्मियों की लापरवाही आई सामने , एक निलंबित , जांच के आदेश 

0
5

दमोह / बच्चे पैदा होने को लेकर अक्सर परिजन कहते है , यह ईश्वर की कृपा है , भगवान की मर्जी है , अल्लाह की रहमत है | दरअसल एक तरफ देशभर में जनसंख्या नियंत्रण को लेकर बहस छिड़ी हुई है | सरकार की मंशा जनसंख्या नियंत्रण वाले कानून को तैयार करने की है  तो वहीं दूसरी ओर कई घर परिवार जनसँख्या बढ़ाने में जुटे हुए है | इसके लिए वो रिकार्डतोड़ मेहनत कर रहे है | हम दो हमारे दो जैसा परिवार नियोजन का नारा इन घर परिवारों में दंपत्ति जानते ही नहीं | शायद वे बढ़ती जनसंख्या और भारी भरकम परिवार की कठनाइयों से बेफिक्र नजर आते है | इसका ताजा उदाहरण मध्य प्रदेश के दमोह जिले की एक घटना है | 

इस जिले के बटियागढ़ थाना के पाडाझिर गांव में एक परिवार ने  अपने 16वें बच्चे के जन्म की खुशियां मनाने की तैयारी की थी | लेकिन कुछ देर बाद बजाए ख़ुशी के घर में मातम छा गया | दरअसल सुखरानी नाम की महिला ने अपने 16वें बच्चे को जन्म दिया था | डाक्टरों के मुताबिक सुखरानी की उम्र 45 साल है | उनके मुताबिक महिला ने शनिवार को अपने 16वें बच्चे को जन्म दिया, लेकिन इसके कुछ घंटों बाद महिला और उसके नवजात की हालत गंभीर हो गई | इलाज के दौरान ही मां और बच्चे ने दम तोड़ दिया | 

बताया जाता है कि सुखरानी 16वीं  बार मां बनी थी | उसके  4 लड़के और 4 लड़कियां अभी जीवित हैं | इनमें से दो बच्चों की शादी भी हो चुकी है | यह भी बताया गया कि शादी के बाद उसके सात बच्चों की मौत हो चुकी है | ये सभी बच्चे किसी न किसी बीमारी के कारण चल बसे | परिजनों के मुताबिक सुखरानी की हमेशा नॉर्मल डिलीवरी हुई थी | परिजनों ने इस मामले को लेकर अस्पताल कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है | उधर इस मामले में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संगीता त्रिवेदी ने तत्काल जांच के आदेश दे दिए हैं | प्राथमिक रूप से दोषी पाए जाने पर उन्होंने सेक्टर सुपरवाइजर को निलंबित कर दिया है | मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर संगीता त्रिवेदी ने न्यूज टुडे को बताया कि महिला गर्भधारण के आठवें महीने में 16वें बच्चे को जन्म दिया था | उनके मुताबिक प्रसव पीड़ा होने के चलते बच्चे की डिलीवरी घर पर हो गई थी | उन्होंने यह भी बताया कि महिला की गंभीर हालत की वजह से परिजन नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र लेकर आए | महिला के शरीर में खून की कमी होने से उसकी मौत हो गई  | वहीं नवजात ने भी दम तोड़ दिया | उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच रिपोर्ट आने के बाद अन्य जिम्मेदार लोगों पर भी कार्रवाई होगी |