एफबीआई की दस सबसे वांछित भगोड़ों में शामिल सिंडी सिंह भारत से गिरफ्तार
नई दिल्ली। एफबीआई की दस सबसे वांछित भगोड़ों में शामिल सिंडी रोड्रिगेज़ सिंह को भारत में गिरफ्तार कर अमेरिका भेज दिया गया है। सिंडी सिंह पर 2023 में अपने 6 साल के बेटे की हत्या के आरोप हैं। मामले के खुलासे के बाद वह अमेरिका भाग गई थीं ताकि कानूनी प्रक्रिया से बच सकें।
फॉक्स न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, 3 अक्टूबर, 2024 को इंटरपोल ने सिंह के लिए रेड नोटिस जारी किया, जिसे भारत सहित सभी सदस्य देशों को भेजा गया। इसके साथ ही भारतीय अधिकारियों को प्रत्यर्पण पैकेट सौंपा गया, जिससे गिरफ्तारी का रास्ता साफ हो गया। एफबीआई निदेशक काश पटेल ने बताया कि भारतीय अधिकारियों और इंटरपोल के सहयोग से सिंह को सफलतापूर्वक गिरफ्तार किया गया और टेक्सास के अधिकारियों को सौंपा गया।
सिंडी सिंह के मामले का खुलासा 20 मार्च, 2023 को हुआ, जब टेक्सास के परिवार एवं सुरक्षा सेवा विभाग ने बच्चे की कल्याण जांच की। जांच में पता चला कि बच्चा कई स्वास्थ्य और विकास संबंधी समस्याओं से पीड़ित था। सिंह ने अधिकारियों को गुमराह करने का प्रयास किया और दावा किया कि बच्चा मैक्सिको में है। लेकिन बाद में यह पुष्टि हुई कि बच्चा उस अंतरराष्ट्रीय उड़ान में नहीं था, जिससे सिंह के दावे झूठ साबित हुए।
सिंडी सिंह जुलाई 2024 में एफबीआई की “दस सर्वाधिक वांछित भगोड़ों” की सूची में शामिल हुई थीं। निदेशक काश पटेल के कार्यकाल में वह इस सूची से गिरफ्तार होने वाली चौथी व्यक्ति बन गई हैं।
