
मुंबई: बॉलीवुड एक्ट्रेस आलिया भट्ट की सेक्रेटरी रह चुकी वेदिका प्रकाश शेट्टी को 77 लाख रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में मुंबई की जुहू पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वेदिका पर आरोप है कि उन्होंने आलिया भट्ट के निजी खातों और उनकी प्रोडक्शन कंपनी एटर्नल सनशाइन प्रोडक्शंस प्राइवेट लिमिटेड से पैसे की हेराफेरी की।
मामले में आलिया की मां और कंपनी की निदेशक सोनी राजदान ने 23 जनवरी को जुहू पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, वेदिका ने मई 2022 से अगस्त 2024 के बीच फर्जी बिलों और आलिया के नकली हस्ताक्षरों के जरिए करीब 77 लाख रुपये की रकम हड़प ली।
पुलिस जांच में सामने आया कि वेदिका ने ट्रैवल, मीटिंग्स और अन्य आयोजनों के नाम पर बिल बनाकर पेशेवर तरीके से धोखाधड़ी की। शिकायत दर्ज होने के बाद वेदिका फरार हो गई थीं और लगातार अपनी लोकेशन बदलती रहीं। उन्होंने राजस्थान, कर्नाटक, पुणे होते हुए आखिरकार बेंगलुरु में शरण ली।
लगभग पांच महीने की तलाश के बाद जुहू पुलिस ने उन्हें बेंगलुरु से गिरफ्तार कर मंगलवार को कोर्ट में पेश किया। पुलिस को कोर्ट से पांच दिन का ट्रांजिट रिमांड मिला, जिसके बाद उन्हें मुंबई लाया गया। 10 जुलाई तक वेदिका पुलिस कस्टडी में रहेंगी।
वेदिका ने 2021 से 2024 तक आलिया की निजी सहायक के रूप में काम किया और इस दौरान उन्हें फाइनेंशियल दस्तावेजों से जुड़े कई अहम अधिकार मिले थे। पुलिस ने उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(4) (आपराधिक विश्वासघात) और 318(4) (धोखाधड़ी) के तहत केस दर्ज किया है।