
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम रहे अजित पवार के विमान दुर्घटना से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। 28 जनवरी को बारामती में दुर्घटनाग्रस्त हुए Learjet 45 (VT-SSK) विमान की जांच कर रहे एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) ने अपनी शुरुआती रिपोर्ट में एक बड़ा खुलासा किया है।
अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार जांच
AAIB के अनुसार, विमान में लगे दोनों वॉइस रिकॉर्डर दुर्घटना के बाद लगी आग की चपेट में आने से जलकर खाक हो गए हैं। AAIB ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी तरह से निर्धारित नियमों और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार संचालित की जा रही है। विमान में लगे दोनों फ्लाइट रिकॉर्डर आग की वजह से क्षतिग्रस्त हो गए थे। एजेंसी ने कहा है कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष होगी और सबूतों पर आधारित होगी। सभी से अपील की गई है कि अटकलें न लगाएं और आधिकारिक जानकारी का इंतजार करें।बारामती में हुआ विमान हादसा
बता दें कि अजित पवार की मृत्यु 28 जनवरी 2026 को पुणे जिले के बारामती में एक विमान दुर्घटना के दौरान हुई थी। वह बारामती में जनसभाओं को संबोधित करने के लिए मुंबई से चार्टर्ड विमान Learjet 45 (VT-SSK) से रवाना हुए थे। सुबह लगभग 8:46 बजे बारामती एयरपोर्ट के रनवे-11 पर लैंडिंग के दूसरे प्रयास के दौरान विमान अचानक बेकाबू हो गया और खुले मैदान में क्रैश होकर भीषण आग की लपटों में घिर गया। जमीन से टकराते ही इसमें एक के बाद एक कई धमाके हुए, जिससे विमान में सवार किसी भी व्यक्ति को बचाने का मौका नहीं मिला।
अजित पवार समेत 5 लोगों की मौत
इस भीषण हादसे में अजित पवार के अलावा उनके निजी सुरक्षा अधिकारी (PSO), एक सहायक और चालक दल के 2 सदस्यों (पायलट सुमित कपूर और को-पायलट शांभवी पाठक) सहित कुल 5 लोगों की जान चली गई थी। शुरुआती रिपोर्ट्स में दुर्घटना की संभावित वजह लो विजिबिलिटी और घना कोहरा बताया गया था। अजित पवार के निधन पर महाराष्ट्र सरकार ने तीन दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा की थी और बारामती में पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया था।




