
झांसी : – झांसी से रिश्तों को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ भाई ने अपने ही बहन से राखी बांधाने के बाद बड़ी ही बेरहमी से उसको मार दिया। बताया जाता है कि बहन के प्रेम संबंध से नाराज भाई ने राखी बंधवाने के बाद दोस्त के साथ मिलकर अपनी बहन का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। बहन की हत्या करने से दो दिन पहले बहन के प्रेमी की भी हत्या कर दी थी। पिता की तहरीर पर आरोपी और उसके दोस्त के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह दिल दहला देने वाली घटना गरौठा थाना क्षेत्र के चंदापुर गांव की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी अरविंद ने शनिवार को अपनी 18 वर्षीय बहन पुच्चू से राखी बंधवाई। इसके बाद वह उसे घुमाने के बहाने अपने साथ घर से बाहर ले गया। अरविंद के साथ उसका दोस्त प्रकाश भी मौजूद था। पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों युवकों ने पहले युवती के बाल काटे, फिर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और शव को पास की खदान में फेंककर फरार हो गए। रविवार सुबह जब ग्रामीणों ने शव देखा, तो पूरे गांव में हड़कंप मच गया। पीड़िता के पिता पप्पू अहिरवार ने अपने बेटे अरविंद और उसके दोस्त के खिलाफ हत्या की तहरीर दी, जिसके आधार पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मृतका पुच्चू और विशाल के बीच जान-पहचान ननिहाल में हुई थी। पुच्चू का ननिहाल गरौठा के नुनार गांव में है, जहां टहरौली के पथराई गांव निवासी विशाल का भी ननिहाल पड़ता है। दोनों के घर वहां पास-पास थे और वे अक्सर वहां आते-जाते थे। करीब डेढ़ साल पहले दोनों की मुलाकात हुई, जिसके बाद उन्होंने एक-दूसरे के मोबाइल नंबर लिए और बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध गहराते चले गए। दोनों ने साथ जीने-मरने की कसमें तक खा लीं। जनवरी में पुच्चू और विशाल घर से भाग गए थे, जिसके बाद उनके परिजनों को इस संबंध की जानकारी हुई। युवती के परिजनों ने विशाल पर नाबालिग को भगाने का आरोप लगाते हुए थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। हालांकि बाद में पुलिस द्वारा दोनों को बरामद कर लाया गया और पंचायत के माध्यम से किसी तरह समझौता कराया गया। विशाल के पिता का आरोप है कि सुलह के बदले पुलिस को 45 हजार रुपये देने पड़े। इसके बाद वह अपने बेटे को हरियाणा लेकर चले गए। हालांकि, दोनों के बीच संपर्क बना रहा। बताया जा रहा है कि लगभग 15 दिन पहले विशाल दोबारा गांव आया था।
फ़िलहाल आरोपी अरविंद और उसका दोस्त प्रकाश पुलिस हिरासत में हैं, जिनसे गहन पूछताछ की जा रही है। साथ ही, युवती के अन्य परिजनों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।