कैमूर / नेशनल हाइवे पर एक युवती कई बार लोगों से लिफ्ट मांगती नजर आती थी | कई लोग उसकी सहायता के लिए अपनी गाड़ी रोक देते | यह युवती हाइवे के किसी स्थान पर पहुंचाने की गुहार लगाती | वाहन सवार लोग अकेली लड़की पर तरस खाकर उसे अपनी गाड़ी में बिठा लेते | फिर एक ख़ास इलाके में जब गाड़ी रूकती तो यह लड़की अपनी असलियत पर आ जाती | उसके साथी हथियारों के बल पर वाहन सवारों के साथ लूटपाट करते और फिर मौके से नौ दो ग्यारह हो जाते | नेशनल हाइवे पर लूटपाट की घटना को अंजाम देने वाला यह गिरोह बिहार के कैमूर में पुलिस के हत्थे चढ़ा है | कैमूर जिले के NH-2 पर लड़कियों द्वारा लिफ्ट मांगने की आड़ में वाहन चालकों के साथ लूटपाट करने वाले इस गिरोह के तीन सदस्यों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है | इनके पास से एक देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और चार मोबाइल जब्त किए गए हैं | बताया जाता है कि नेशनल हाइवे के अलग अलग मार्गों पर इस गिरोह ने कई बड़ी वारदातों को अंजाम दिया है |

कैमूर एसपी दिलनवाज अहमद ने न्यूज़ टुडे को बताया कि पिछले कई दिनों से हाइवे पर लूटपाट की शिकायतें मिल रही थी | उनके मुताबिक गिरोह की लड़कियों द्वारा लिफ्ट मांगने के नाम पर कभी ट्रक चालकों तो कभी आम यात्रियों से लूटपाट की घटना को अंजाम दिया जा रहा था | उन्होंने बताया कि एक शिकायत के बाद पुलिस ने सुनियोजित रूप से इस गिरोह को पकड़ा है | उन्होंने बताया कि इन लोगों को कुदरा थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है |

दिलनवाज अहमद ने बताया कि गिरोह में शामिल लड़की काफी चालाक किस्म की है | उन्होंने बताया कि यह गिरोह लिफ्ट मांगने के लिए रात में किसी लड़की को अकेले सड़क पर खड़ा करा देता था | इस दौरान कभी ट्रक चालक तो कभी राहगीर उसका शिकार बन जाते थे | जैसे ही कोई युवती की सहायता के लिए गाड़ी रोकता तो युवती उस पर छेड़खानी का आरोप लगाकर परेशान करती | तो कभी ये गिरोह ट्रक चालक से मारपीट कर उनके पैसे और मोबाइल तक छीन लेते थे | उन्होंने बताया कि फ़िलहाल इस गिरोह के कुल 3 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है |

पूछताछ में पता चला कि गिरफ्तार आरोपियों में एक होमगार्ड का जवान भी शामिल है. यह होमगार्ड की नौकरी छोड़ कर अपराध की दुनिया में शामिल हो गया था | पुलिस के मुताबिक अकेले कैमूर इलाके में इस गिरोह पर 20 से अधिक हत्या, लूट, डकैती जैसे मामले अलग-अलग थानों में दर्ज हैं |