
दुर्ग : भिलाई स्थित गफ्फार मोहल्ले में सोमवार रात एक मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार, दो पड़ोसी परिवारों के बच्चों के बीच शुरू हुआ झगड़ा धीरे-धीरे बड़ों तक पहुंच गया और देखते ही देखते मामला मारपीट और पथराव में बदल गया।इस दौरान दोनों पक्षों के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया। उपद्रव के दौरान कुछ वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया गया, जिससे लोगों में डर का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन भीड़ ने पुलिस पर भी हमला कर दिया। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। इस झड़प में कई लोग घायल हुए, जिनमें कुछ पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।मंगलवार को स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए पुलिस ने भारी बल के साथ फ्लैग मार्च निकाला और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। इस मामले में दोनों पक्षों के 9 से अधिक लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

वहीं, इस घटना के विरोध में बजरंग दल ने छावनी थाने के घेराव की चेतावनी दी है, जिसके चलते पुलिस प्रशासन अलर्ट पर है। फिलहाल इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस घटना के पीछे कुछ दिन पुराना विवाद भी कारण हो सकता है, जिसने इस झगड़े को और भड़का दिया। प्रशासन ने साफ किया है कि किसी भी तरह की अशांति फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।







