
मुक्तसर: उत्तर प्रदेश के वृंदावन में आज शुक्रवार दोपहर एक बाद हादसा हो गया है | मुक्तसर से आए श्रद्धालुओं से भरी नाव यमुना नदी में पलट गई। इस हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और घाट पर अफरा तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार,पंजाब के मुक्तसर से श्रद्धालुओं का एक जत्था धार्मिक यात्रा पर वृंदावन पहुंचा था। दोपहर करीब ढाई बजे सभी श्रद्धालु केशी घाट से नाव में सवार होकर यमुना नदी में घूमने निकले। नाव कुछ दूरी ही तय कर पाई थी कि अचानक असंतुलित होकर पलट गई। नाव में सवार सभी लोग नदी में गिर गए और डूबने लगे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार,नाव में करीब 32 लोग सवार थे। हादसे की वजह नदी में पड़े एक पीपे से नाव का टकराना बताया जा रहा है। दरअसल, यहां पहले पीपों का पुल बनाया गया था, जिसे जलस्तर बढ़ने के बाद खोल दिया गया था। ये पीपे नदी में इधर-उधर बह रहे थे, जिनमें से एक से टकराने के बाद नाव संतुलन खो बैठी।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। स्थानीय गोताखोरों की मदद से तुरंत बचाव अभियान शुरू किया गया। कई एंबुलेंस भी मौके पर तैनात की गई हैं, ताकि निकाले गए लोगों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया जा सके।अब तक एक श्रद्धालु को बाहर निकालकर उपचार के लिए भेजा गया है, जबकि अन्य लोगों की तलाश लगातार जारी है। नदी का जलस्तर बढ़ा होने के कारण गोताखोरों को राहत कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।पंजाब से जुड़े इस हादसे ने पूरे क्षेत्र में चिंता और दुख का माहौल बना दिया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और राहत कार्य में सहयोग करें।




