भिलाई। रस्तोगी नर्सिंग कॉलेज (Rastogi Nursing College) की 60 छात्राएं फूड प्वाइजनिंग (Food Poisoning) की शिकार हो गई है। जानकारी के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। सभी छात्राओं को इलाज के लिए नेहरू नगर के हाईटेक अस्पताल ले जाया गया है। वही एक छात्रा की मौत की खबर है।
जानकारी के अनुसार 46 छात्राओं का अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं 13 छात्राओं को ठीक होना बताया जा रहा है। वही एक बालोद की कामिनी नामक छात्रा की मौत भी हुई है।
जानकारी के मुताबिक इस नर्सिंग कॉलेज में 300 छात्राएं हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही हैं। 4 दिन पहले कुछ छात्राओं को फूड प्वाइजनिंग की शिकायत हुई थी। जिन्हें अस्पताल में भर्ती भी कराया गया था। आज जब बड़ी संख्या में छात्राओं की तबियत बिगड़ी है तो पूरे प्रशासन में हड़कंप मच गया है। छात्राओं के अनुसार उनको ठीक ढंग से खाना नही दिया जा रहा है।
इधर मामले की जानकारी होते ही महापौर नीरज पाल, आयुक्त लोकेश चंद्राकर, उपायुक्त अशोक द्विवेदी, पार्षद वशिष्ठ नारायण मिश्रा सिहत अन्य लोग अस्पताल पहुंचे। मेयर नीरज पाल ने दुर्ग कलेक्टर से बात की और मामले की जांच कराने की बात कही है। वहीं लापरवाही पाए जाने पर कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही गई है।
