रायपुर : छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और वरिष्ठ मंत्री TS सिंहदेव आमने- सामने है। मामला पार्टी के घोषणा पत्र को अब तक पूरा नही किये जाने से जुड़ा है। सिंहदेव को अंदेशा है कि यह वादाखिलाफी कांग्रेस पर भारी पड़ सकती है। मुख्यमंत्री बघेल को लिखे पत्र में सिंहदेव ने जो खुलासा किया है वह हैरान करने वाला है। उन्होंने इस पत्र में मुख्यमंत्री बघेल पर यह आरोप भी जड़ा है कि राज्य के ‘रूल्स ऑफ बिज़नेस’ के विपरीत सरकार द्वारा कार्य किया जा रहा है। उधर सिंहदेव के इस्तीफे से सरकार और कांग्रेस पार्टी में हड़कंप है। समाचार लिखे जाने तक मुख्यमंत्री कार्यलय और कांग्रेस पार्टी की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नही आई है। यह साफ नही हो पाया है कि पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग से दिया गया सिंहदेव का इस्तीफा अभी स्वीकार भी किया गया है या नही।

गौरतलब है कि शनिवार शाम TS सिंहदेव ने पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग से इस्तीफा दे दिया। हालांकि वे स्वास्थ्य मंत्री के पद पर जमे हुए है। इधर सिंहदेव के इस्तीफे की खबर के बाद उनके बंगले में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों का हुजूम लग गया है। इसमे कई विधायक भी शामिल है। उधर कांग्रेस के भीतर मचे कोहराम पर BJP की पैनी नजर है। पार्टी के कई नेताओं ने कांग्रेस के घोषणा पत्र को झूठा करार दिया है। उनकी दलील है कि सिंहदेव के पत्र और उनके इस्तीफे से कांग्रेस की हकीकत सामने आ गई है। BJP के नेताओं ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की इस्तीफे की मांग की है।
