
टीकमगढ़। मध्य प्रदेश के टीकमगढ़-बड़ागांव रोड पर शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हाे गया। यहां तेज रफ्तार बुलेरो कार ने श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में 22 लोग घायल हो गए, जिनमें 7 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी अनुसार घटना बड़ागांव थाना क्षेत्र के गोपालपुरा तिराहा के पास हुई। हादसे के समय ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार सभी लोग बगाज माता मंदिर से जवारे विसर्जन कर अपने गांव लौट रहे थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ट्रॉली पलटने से कई लोग उसके नीचे दब गए और चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस व एम्बुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एम्बुलेंस और 112 की टीम मौके पर पहुंची। घायलों में एक बुजुर्ग सहित चार महिलाओं की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को तुरंत बड़ागांव के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ागांव के ड्यूटी डॉक्टर विकास बघेल ने बताया कि, कुल 22 घायलों को अस्पताल लाया गया था। प्राथमिक इलाज के बाद 7 लोगों की हालत चिंताजनक देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है । हादसे में घायल सभी लोग छतरपुर जिले के बुडेरा (बुंढेरा) गांव के निवासी हैं। ये सभी श्रद्धालु मंदिर में दर्शन कर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है।
घायलाें के नाम
घायलों में अंजना लोधी (26), अनुज लोधी (14), अनिकेत लोधी (11), अंशुल लोधी, गुड़िया लोधी, वर्षा अहिरवार, हर्बल यादव, अज्जू अहिरवार, कंछेदी अहिरवार, सुजान यादव, लल्ला बाई अहिरवार, अभिलाषा अहिरवार, गुड्डी अहिरवार, गीता अहिरवार, सुनीता अहिरवार, रामधार यादव, नैंसी यादव, लक्ष्मी बाई अहिरवार सहित अन्य शामिल हैं।







