
न्यूजीलैंड के हाथों हार कर टीम इंडिया का वर्ल्डकप जीतने का सपना चूर-चूर हो गया है | ये लगातार दूसरी बार हुआ है जब भारत वर्ल्डकप के सेमीफाइनल से बाहर हो गया है | सेमीफाइनल मुकाबले में भारत की हार के बाद पूरा देश सदमे में है | इस हार के कारण एक क्रिकेट प्रेमी की हार्ट अटैक से मौत हो गई है |
बताया जाता है कि बिहार में एक शख्स की इसी सदमे के कारण मौत हो गई | मामला किशनगंज शहर के डुमरिया मोहल्ले का है | जहां सदर हॉस्पिटल कर्मी अशोक ड्यूटी के बाद घर आकर मैच देख रहा था | भारत की हार के बाद उसे हार्टअटैक आया और बेहोश होकर गिर गया | परिवारवाले उसे हॉस्पिटल लेकर गए, लेकिन हॉस्पिटल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई | गौरतलब है कि वर्ल्ड कप-2019 में खिताब की प्रबल दावेदार के रूप में इंग्लैंड जाने वाली टीम इंडिया का सफर सेमीफाइनल में खत्म हो गया है | उसे दो दिनों तक चले इस रोमांचक मैच में बुधवार को न्यूजीलैंड के हाथों 18 रनों से हार का सामना करना पड़ा | मैनचेस्टर के मैदान पर पहले बल्लेबाजी करते हुए इस मुकाबले में न्यूजीलैंड की टीम ने 50 ओवर में 239 रन बना दिए | जिसके जवाब में भारतीय टीम 221 पर ऑलआउट हो गई |
मैच के नतीजे के बाद से ही फैंस में गुस्सा है और एक नई बहस छिड़ पड़ी है | महेंद्र सिंह धोनी की पारी की हर कोई तारीफ कर रहा है और कह रहा है कि अगर माही ना होते तो टीम इंडिया की हालत और भी खराब होती | तो वहीं बड़े मैचों में विराट कोहली का फेल होना भी फैंस के दिल को चोट पहुंचा रहा है | कप्तान विराट कोहली मात्र एक रन बना सके और महेंद्र सिंह धोनी आखिरी तक संघर्ष करते दिखे | अगर पिछले वर्ल्डकप यानी 2015 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए सेमीफाइनल की बात करें तो तब भी कुछ यही हालात थे | बस कप्तान महेंद्र सिंह धोनी थे |
क्या था 2015 के सेमीफाइनल का हाल
2015 में ऑस्ट्रेलिया में वर्ल्डकप खेला गया था और सेमीफाइनल में टीम इंडिया का मुकाबला ऑस्ट्रेलिया से ही था | ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 328 का लक्ष्य रखा था | लेकिन चेज करते हुए टीम इंडिया की बल्लेबाजी बिखर गई और सबसे बड़े सुपरस्टार विराट कोहली मात्र एक ही रन बनाकर आउट हो गए | तब भी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ महेंद्र सिंह धोनी 65 रन बनाकर टीम इंडिया की जीत के खिलाफ अकेले ही संघर्ष कर रहे थे | खास बात ये भी है कि एमएस धोनी तब भी रनआउट ही हुए थे और इस बार भी | हालांकि, टीम इंडिया बुरी तरह मैच हारकर बाहर हो गई थी | बाद में महेंद्र सिंह धोनी की आंखों में आंसू हर किसी फैंस को याद हैं |