
प्रयागराज में सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जब अमोनिया गैस टैंक फटने से एक कोल्ड स्टोरेज अचानक धराशायी हो गया। यह घटना फाफामऊ क्षेत्र के चंदापुर में प्रयागराज-लखनऊ हाईवे पर स्थित एक कोल्ड स्टोरेज में हुई।बताया जा रहा है कि यह कोल्ड स्टोरेज पूर्व मंत्री अंसार अहमद का है। तेज धमाके के बाद पूरी इमारत ढह गई, जिससे वहां काम कर रहे मजदूर मलबे में दब गए। शुरुआती जानकारी के अनुसार, करीब डेढ़ दर्जन से ज्यादा मजदूरों के फंसे होने की आशंका जताई गई।

हादसे के तुरंत बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया और कई मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला गया। घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया, जिनमें से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।मौके पर दमकल की कई गाड़ियां, एंबुलेंस और पुलिस बल तैनात हैं। NDRF और SDRF की टीमें भी राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।हादसे के चलते लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर मलाक हरहर के पास यातायात को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर हालात की निगरानी कर रहे हैं।फिलहाल राहत कार्य जारी है और मलबे में और लोगों के फंसे होने की आशंका को देखते हुए सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है।




