
हैदराबाद: आजकल हर उम्र के लोग बाहर का खाना बड़े शौक से खाते हैं, लेकिन उसकी गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर सवाल उठना लाजिमी है। क्या आपने कभी सोचा है कि जो खाना आप बाहर से खरीदकर खा रहे हैं, वह किन हालात में तैयार किया गया होगा? अगर आपको पता चले कि वही खाना शौचालय के पास, बिना किसी स्वच्छता के बनाया गया है, तो क्या आप उसे खाना पसंद करेंगे? हैदराबाद में मिलावटी और अस्वच्छ तरीके से खाद्य सामग्री बनाने का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आज के समय में हर उम्र के लोग बाहर का खाना पसंद करते हैं, लेकिन उसकी गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
पुलिस की कार्रवाई में सुभान कॉलोनी और लक्ष्मीगुडा इलाकों में नियमों का उल्लंघन करते हुए गंदगी भरे माहौल में खाद्य पदार्थ तैयार किए जा रहे थे। हैरानी की बात यह है कि खाना शौचालय के पास ही बिना किसी स्वच्छ व्यवस्था के बनाया जा रहा था।इस मामले में पुलिस ने लकी फूड्स के संचालक अब्दुल हक और ज़ी फूड्स के मालिक मोहम्मद कमरुद्दीन को गिरफ्तार किया है। साथ ही करीब 1.10 लाख रुपये की संपत्ति भी जब्त की गई है। यह जानकारी राजेंद्र नगर जोन के पुलिस उपायुक्त ने दी।देश में पहले भी कई बार ऐसे मामले सामने आ चुके हैं, जहां खाने-पीने की चीजें बेहद गंदगी में तैयार की जाती हैं। कुछ मामलों में तो खाद्य पदार्थों में गंदगी मिलाने जैसी हरकतें भी सामने आई हैं, जो कानूनन अपराध है।इसके बावजूद इस तरह की गतिविधियां थमने का नाम नहीं ले रही हैं, जिससे लोगों की सेहत पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जरूरत है, ताकि मिलावटखोरों पर लगाम लगाई जा सके और लोगों को सुरक्षित भोजन मिल सके।




