
सिंगरौली : मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के बंधौरा में अडाणी कंपनी के एक पावर प्लांट में शनिवार सुबह भारी हंगामा हो गया। यहां एक श्रमिक की मौत के बाद काम छोड़कर हजारों की संख्या में मजदूरों ने बवाल शुरू कर दिया जिससे प्लांट के अंदर अपरा तफरी का माहौल निर्मित हो गया।

शुक्रवार देर रात अचानक कंपनी के काम करने वाले ललन नामक एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक ललन झारखंड का रहने वाला था। मरने की सूचना लगते ही प्लांट में काम कर रहे मजदूरों ने शनिवार सुबह होते ही प्लांट के अंदर हंगामा शुरू कर दिया। मजदूर शव छुपाने का आरोप लगाकर विरोध कर रहे थे। कुछ लोगों ने कंपनी के अंदर ही अफवाह फैला दी कि मजदूर लल्लन सिंह की मौत ऊंचाई से गिरने से हुई जिसके बाद आक्रोश और बढ़ गया।

मजदूरों ने कंपनी की गाड़ियों में तोड़फोड़ शुरू कर दिया। प्लांट के अंदर एक ठेकदार के कार्यालय में आग लगा दी। मजदूरों की गुस्साई भीड़ ने प्लांट में पहुंचे थाना प्रभारी और चौकी प्रभारियों के वाहन पर भी हमला कर दिया। हालात को नियंत्रित करने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल के साथ प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे।
जब मजदूर लल्लन सिंह की मौत हुई उस समय उसके साथ एक और मजदूर कमलेश मौजूद था। कमलेश के मुताबिक लल्लन सिंह की मौत अचानक तबियत बिगड़े से हुई। उसने बताया कि लल्लन सिंह के गले में खराश हुई, उसे अदरक खाने के लिए कहा 5 मिनट बाद ही लल्लन सिंह पीठ के बल गिर गया। उसे तत्काल एम्बुलेंस से अस्पताल ले गए तो पता चला वह मर चुका है।

कंपनी प्रबंधन ने भी दावा किया है कि उसकी मौत हार्ट अटैक से हुई है। प्रशासन का का कहना है कि मामले की जांच कराई जाएगी और यदि कंपनी प्रबंधन की लापरवाही सामने आती है तो ठोस कार्यवाही की जाएगी जिसके बाद माहौल शांत हैं।





