
गुवाहाटी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 और 14 मार्च को असम के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान पीएम राज्य के कोकराझार, गुवाहाटी और सिलचर में 47,800 करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। यह दौरा पूर्वोत्तर भारत (North East) की कनेक्टिविटी और ऊर्जा सुरक्षा के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
विकास का शेड्यूल: कोकराझार से सिलचर तक
13 मार्च: दोपहर 1:30 बजे पीएम कोकराझार में 4,570 करोड़ के प्रोजेक्ट्स की शुरुआत करेंगे। शाम 5 बजे गुवाहाटी में 19,680 करोड़ की परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित की जाएंगी।
14 मार्च: सुबह 10:45 बजे सिलचर में करीब 23,550 करोड़ के विभिन्न प्रोजेक्ट्स का भूमि पूजन और लोकार्पण होगा।
प्रमुख सौगातें: हाइड्रो प्रोजेक्ट और रेलवे विस्तार
प्रधानमंत्री इस दौरे पर असम को 3 नई ट्रेनों की सौगात देंगे। इसके अलावा कोपिली हाइड्रो-इलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट: 2,300 करोड़ की लागत से तैयार यह प्रोजेक्ट क्लीन एनर्जी को बढ़ावा देगा और ग्रिड स्टेबिलिटी में सुधार लाएगा।
नुमालीगढ़ रिफाइनरी विस्तार: ऑयल इंडिया की नुमालीगढ़-सिलीगुड़ी पाइपलाइन (NSPL) की क्षमता बढ़ाने वाले प्रोजेक्ट का उद्घाटन होगा, जिससे रिफाइनरी की क्षमता 3 MMTPA से बढ़कर 9 MMTPA हो जाएगी।
रेलवे इलेक्ट्रिफिकेशन: करीब 2,250 करोड़ की लागत से रंगिया-मुरकोंगसेलेक और चपरमुख-डिब्रूगढ़ जैसी महत्वपूर्ण रेल लाइनों के विद्युतीकरण का उद्घाटन होगा।
चाय बागान परिवारों के लिए ऐतिहासिक कदम
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर असम की एनडीए सरकार की सराहना करते हुए चाय किसानों को भूमि पट्टा वितरण को न्याय और सम्मान की दिशा में ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि सरकार चाय बागान परिवारों की भलाई के लिए हमेशा प्रतिबद्ध है।




