जशपुर / छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में बीजेपी किसान मोर्चा के वरिष्ठ नेता ने फांसी लगाकर ख़ुदकुशी कर ली | खुदकुशी की वजह कर्ज बताया जा रहा है | मृतक बीजेपी नेता की पहचान मोहन राम निराला के रूप में हुई है | वह किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष थे | इस मामले में बीजेपी ने एक सुसाइड नोट मिलने की बात कही है, लेकिन पुलिस ने इस दावे को खारिज कर दिया है | मामले की छानबीन की जा रही है |
जशपुर जिले के दुलदुला थाना क्षेत्र के चराईडांड़ इलाके में बीजेपी किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष मोहन राम निराला अपने परिवार के साथ रहते थे | सुबह परिजनों ने उन्हें अपने कमरे में फांसी के फंदे पर लटका पाया | घर में कोहराम मच गया | पास पड़ोस के लोग भी जमा हो गए | तब पुलिस को सूचना दी गई | पुलिस ने मौके पर जाकर शव को नीचे उतारा. पुलिस के मुताबिक सुबह करीब 4 और 5 बजे के बीच निराला ने फांसी लगाकर आत्महत्या की | पुलिस पंचनाम के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया | उधर, बीजेपी नेताओं का कहना है कि निराला के शव के पास एक सुसाइड नोट मिला था | नोट में कर्ज से परेशान होकर खुदकुशी करने का जिक्र है | हालांकि पुलिस ने बीजेपी नेताओं के इस दावे को खारिज कर दिया है | पुलिस ने किसी भी तरह का सुसाइड नोट मिलने की पुष्टि नहीं की |
जशपुर जिले के कलेक्टर निलेश कुमार ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं | जांच इलाके के एसडीएम को सौंपी गई है | कलेक्टर निलेश कुमार का कहना है कि जांच की रिपोर्ट आने के बाद ही इस मामले में अगली कार्रवाई की जाएगी |
