
प्रयागराज: शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के खिलाफ कोर्ट में यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज कराने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी पर रीवा एक्सप्रेस ट्रेन में जानलेवा हमला किया गया। बताया जा रहा है कि गाजियाबाद से प्रयागराज आ रहे आशुतोष ब्रह्मचारी पर फतेहपुर और कौशांबी जिले के बीच सिराथू रेलवे स्टेशन के पास एक शख्स ने धारदार हथियार से हमला कर दिया।हमले के दौरान हमलावर ने उनकी नाक काटने की कोशिश की। जान बचाने के लिए आशुतोष ब्रह्मचारी ट्रेन के टॉयलेट में छिप गए और दरवाजा बंद कर लिया।

इस हमले में उन्हें कई जगह चोटें आईं और वह लहूलुहान हालत में प्रयागराज पहुंचे।प्रयागराज पहुंचने के बाद उनका कॉल्विन अस्पताल में मेडिकल कराया गया। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। आशुतोष ब्रह्मचारी ने इस हमले के पीछे स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती पर साजिश रचने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि हाल ही में उनकी नाक काटने पर 21 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

घटना के बाद प्रयागराज जंक्शन स्थित जीआरपी थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। पुलिस हमलावर की पहचान के लिए जांच में जुटी हुई है और सिराथू रेलवे स्टेशन के आसपास से भी जानकारी जुटाई जा रही है।आशुतोष ब्रह्मचारी ने प्रशासन से सुरक्षा की मांग करते हुए कहा है कि इस घटना के बाद उनकी जान को खतरा बना हुआ है।







