
वाराणसी : – वाराणसी में कारोबारी जगत में एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, CCTV फुटेज में एक महिला कपड़े की दुकान से अंडरगारमेंट और अन्य कपड़े चोरी करते दिखाई दे रही है, इसकी कीमत लगभग 10 हजार रुपये बताई जा रही है। सीसीटीवी वीडियो वायरल हो रहा है, वीडियो में महिला व्यापार मंडल की अध्यक्ष सुनीता सोनी भी नजर आ रही हैं, उन्होंने सफाई दी है। इसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

धर्म और संस्कृति की नगरी काशी में एक वीडियो को लेकर हड़कंप मच गया है, मामला लहुराबीर स्थित एक प्रतिष्ठित कपड़े की दुकान से अंडरगारमेंट चोरी का है, इससे जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। खास बात यह थी कि इस वीडियो में शहर की एक जानी-मानी चेहरा और वाराणसी महिला व्यापार मंडल की अध्यक्ष सुनीता सोनी भी नजर आ रही थीं। दिलचस्प बात यह है कि अध्यक्षा सोनी के साथ आई दो महिलाएं शॉप में चोरी करते हुए दिखाई दे रही हैं। वीडियो वायरल होने पर सोनी ने अपना वीडियो बयान जारी कर सफाई दी है। मामला पुलिस तक पहुंचा और दुकानदार की तहरीर पर केस भी दर्ज हो गया है।

जानकारी के मुताबिक लहुराबीर स्थित कपड़ा व्यवसायी सुदीप सिंह की दुकान पर कुछ दिन पूर्व तीन महिलाएं खरीदारी करने पहुंची थीं। दुकानदार का आरोप है कि इन महिलाओं ने करीब 10 हजार रुपये मूल्य के अंडरगारमेंट्स और अन्य कीमती कपड़े पार कर दिए। जब स्टॉक का मिलान किया गया और विसंगति पाई गई तो सीसीटीवी फुटेज खंगाला गया। वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि व्यापार मंडल अध्यक्ष सुनीता सोनी के साथ एक अन्य महिला और एक युवती खड़ी हैं। वीडियो में कथित तौर पर दोनों महिलाएं कपड़े देखते समय बड़ी चालाकी से कुछ सामान झोले में छिपाती हुई नजर आ रही हैं।
READ MORE : दिग्गी राजा MP में मुख्यमंत्री की रेस में नहीं ? राज्यसभा जाने से इंकार की वजह ? कहीं पर निगाहें कहीं पर निशाना तो बिल्कुल नहीं…
वीडियो वायरल होने और उंगलियां उठने के बाद महिला व्यापार मंडल की अध्यक्ष सुनीता सोनी ने अपना पक्ष रखते हुए एक वीडियो बयान जारी किया है। उन्होंने अपनी सफाई में कहा कि उन्हें बाजार में जौनपुर की रहने वाली कुछ परिचित महिलाएं मिली थीं, जो खरीदारी करने की बात कह रही थीं। परिचित होने के नाते वह उनके साथ संबंधित दुकान में चली गईं। सुनीता सोनी का दावा है कि जब वह दुकान में मौजूद थीं, तब उन महिलाओं ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया, जिसकी उन्हें रत्ती भर भी भनक नहीं लगी। सुनीता सोनी ने अपनी छवि को बेदाग बताते हुए कहा कि जैसे ही उन्हें इस घटना की जानकारी हुई, उन्होंने तुरंत जौनपुर की उन महिलाओं से संपर्क किया और उनसे चोरी किए गए सामान का पूरा भुगतान करने या सामान वापस करने को कहा है। उन्होंने यह भी बताया कि वह अपनी स्थिति स्पष्ट करने के लिए दुकानदार सुदीप सिंह से मिलने भी पहुंची थीं, लेकिन उस समय दुकान बंद होने के कारण उनकी मुलाकात नहीं हो सकी।
इस घटना ने शहर के अन्य व्यापारिक संगठनों को भी हैरत में डाल दिया है। एक ओर जहां कुछ लोग इसे साजिश बता रहे हैं, वहीं दूसरी ओर सीसीटीवी फुटेज में दिख रही हरकतों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब इस मामले में जौनपुर की उन महिलाओं की तलाश कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि क्या यह सुनियोजित चोरी थी या इसमें किसी प्रकार की गलतफहमी शामिल है। फिलहाल, इस हाई-प्रोफाइल विवाद ने पुलिस और व्यापारी दोनों की चिंता बढ़ा दी है। दुकानदार की शिकायत पर चेतगंज पुलिस ने तीन अज्ञात महिलाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







